डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी Black Box के लिए सितंबर तिमाही दमदार रही। Q2FY27 में कंपनी का कंसॉलिडेटेड मुनाफा पिछले साल की इसी तिमाही से 31% बढ़कर 73 करोड़ रुपये पहुंच गया। सबसे बड़ी खबर ऑर्डर बुक से आई है। कंपनी का ऑर्डर बैकलॉग 88% उछलकर 1.04 बिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।
1936 करोड़ का रेवेन्यू, मार्जिन भी सुधरा
तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 22% बढ़कर 1936 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 1585 करोड़ रुपये था। कंपनी ने इस ग्रोथ की 3 वजहें बताई हैं: हाइपरस्केल डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का लगातार एग्जीक्यूशन, एंटरप्राइज सॉल्यूशंस कारोबार, और Technology Products बिजनेस में बढ़ती रफ्तार।
EBITDA 26.2% बढ़कर 145 करोड़ रुपये से 183 करोड़ रुपये पहुंच गया। EBITDA मार्जिन 40 bps सुधरकर 9.1% से 9.5% हो गया। एक्सेप्शनल आइटम्स और टैक्स से पहले का मुनाफा सालाना आधार पर 24.8% बढ़कर 93.78 करोड़ रुपये रहा।
ऑर्डर बुक में जबरदस्त उछाल
इस तिमाही में कंपनी को 298 मिलियन डॉलर के नए ऑर्डर मिले, जो पिछले साल से 37% ज्यादा हैं। 30 सितंबर तक कंपनी का ऑर्डर बैकलॉग 1.04 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया। एक साल पहले ये 555 मिलियन डॉलर था, यानी 88% की बढ़त। पिछली तिमाही के मुकाबले भी बैकलॉग करीब 10% बढ़ा है।
इस बैकलॉग में बड़े और कई साल चलने वाले कॉन्ट्रैक्ट शामिल हैं। इससे अगले 24 से 36 महीने के लिए कंपनी की कमाई की तस्वीर काफी हद तक तय दिखती है। FY27 की पहली छमाही में कंपनी को 250 मिलियन डॉलर से ज्यादा के डेटा सेंटर ऑर्डर मिले। इन ऑर्डर्स के पीछे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में हो रहे निवेश से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग है।
FY27 का गाइडेंस बरकरार
कंपनी ने FY27 के लिए अपना गाइडेंस दोहराया है। इसके मुताबिक, रेवेन्यू में 23-27%, EBITDA में 27-32% और मुनाफे में 38-50% की ग्रोथ का अनुमान है। कंपनी को उम्मीद है कि FY27 के आखिर तक ऑर्डर बैकलॉग 1.3-1.4 बिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगा। पूरे साल में 1.3-1.5 बिलियन डॉलर के ऑर्डर मिलने का अनुमान है।
Black Box के होल-टाइम डायरेक्टर और CEO संजीव वर्मा ने कहा कि कंपनी का बढ़ता हाइपरस्केल डेटा सेंटर कारोबार ग्रोथ को आगे बढ़ा रहा है, खासकर अमेरिका में। उनके मुताबिक, बड़े ग्राहकों से बड़े ऑर्डर और बार-बार मिलने वाले कॉन्ट्रैक्ट इस ग्रोथ की वजह हैं।
बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर कॉन्ट्रैक्ट पूरे करने के लिए कंपनी अपनी इंजीनियरिंग और प्रोजेक्ट डिलीवरी क्षमता भी बढ़ा रही है। FY30 तक करीब 3000 प्रोफेशनल्स की भर्ती का प्लान है, जिनमें से ज्यादातर अमेरिका में होंगे। कंपनी का लक्ष्य FY30 तक सालाना रेवेन्यू को 2 बिलियन डॉलर तक पहुंचाना है।
क्या है शेयर का हाल?
BSE पर कंपनी के शेयर 1:17 बजे 6.22% की तेजी के साथ 938.75 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं. शेयर का 52 वीक हाई 1104 रुपये है. जबकि, शेयर का 52-वीक लो 444 रुपये है. रिटर्न कि बात करें तो शेयर एक हफ्ते में 15 पर्सेंट चढ़ चुका है, वहीं, 2 हफ्ते में शेयर में 17% की तेजी देखी जा सकती है. जबकि, इस साल अब तक शेयर 72%तक चढ़ चुका है. इसी दौरान बेंचमार्क Nifty 50 करीब 4% गिरा है। साफ तौर पर शेयर ने बाजार को काफी पीछे छोड़ दिया है।
TD Power Systems: AC जनरेटर बनाने वाली कंपनी का शेयर 9% से ज्यादा उछला, Q2 में मुनाफा 105.58% बढ़ा
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

