
नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग ने दावा किया है कि वैध वीजा होने के बावजूद उन्हें भारत आने से रोक दिया गया है। हेले लिंग ओस्लो स्थित दैनिक समाचार पत्र ‘डैग्साविसेन’ (Dagsavisen) में काम करती हैं। उन्हें हैदराबाद में आयोजित होने वाले भारत समिट में शामिल होना था, जहां वे मीडिया के भविष्य और प्रेस की स्वतंत्रता पर आयोजित सत्र में वक्ता के रूप में हिस्सा लेने वाली थीं।
हेले लिंग ने बुधवार (11 नवंबर 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उन्हें भारत का वीजा मिल गया था और उन्हें बुधवार सुबह हैदराबाद के लिए रवाना होना था। लेकिन उनके मुताबिक, गृह मंत्रालय के उच्च स्तर से मिले आदेश के बाद उनका वीजा रद्द कर दिया गया।
उन्होंने एक्स पर साझा किए गए वीडियो संदेश में कहा कि उन्हें मीडिया, प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतंत्र के आपसी संबंधों पर बोलना था। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भारत आने की अनुमति देने की अपील भी की। पत्रकार के अनुसार, उनके सत्र में शामिल होने के लिए अभी 48 घंटे का समय बाकी था।
पीएम मोदी से प्रेस की आजादी पर सवाल पूछने से जोड़ा मामला
हेले लिंग ने भारत आने की अनुमति नहीं मिलने की घटना को मई 2026 में नॉर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछे गए एक सवाल से जोड़ा है। उन्होंने उस दौरान प्रधानमंत्री से प्रेस की स्वतंत्रता को लेकर सवाल किया था। भारत समिट के दूसरे दिन यानी 14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित होने वाले एक सत्र में हेले लिंग को वक्ता के रूप में शामिल होना था।
इस सत्र में इंस्टीट्यूट फॉर मीडिया एंड कम्युनिकेशंस के निदेशक लियोनार्ड नोवी, प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की अध्यक्ष संगीता बरुआ पिशारोटी और इंस्टीट्यूट ऑफ फ्यूचर एंड इनोवेशन स्टडीज के निदेशक फ्रांसेस्को लापेंटा भी शामिल होने वाले हैं।
इस सत्र का संचालन कांग्रेस सांसद और पार्टी के संचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा करने वाले हैं।
ALSO READ: Air India की फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी, सामने आया साजिश का सच
नॉर्वे स्थित भारतीय दूतावास को बताया निर्दोष
हेले लिंग ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस मामले में नॉर्वे स्थित भारतीय दूतावास की कोई गलती नहीं है। उन्होंने दूतावास के अधिकारियों को सहयोगी और मददगार बताया। उनके मुताबिक, उन्हें भारत का वीजा मिलने के साथ सम्मेलन में शामिल होने के लिए राजनीतिक मंजूरी भी मिल चुकी थी। इसके बावजूद गृह मंत्रालय की ओर से भारत में प्रवेश की अनुमति नहीं दिए जाने के कारण उनका दौरा रद्द हो गया।
ALSO READ: Mahindra ला रही 4 नई SUV, BE 07 से Thar Roxx तक जानिए पूरी डिटेल
उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी से पहले पूछे गए सवाल और अपनी आलोचनात्मक टिप्पणियों से जोड़ने की आशंका जताई है। हालांकि, वीजा रद्द किए जाने के उनके दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही सरकार की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया आई है।
मई में ओस्लो में प्रधानमंत्री मोदी और नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गाहर स्टॉर के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया के सामने बयान दिए थे। उस दौरान हेले ने मोदी से सवाल पूछने की कोशिश की थी। पत्रकारों को पहले ही बता दिया गया था कि दोनों नेता संयुक्त संवाद के दौरान कोई सवाल नहीं लेंगे।


