Godrej Industries Share : गुरुवार को गोदरेज इंडस्ट्रीज के शेयरों में 8 प्रतिशत की तेजी आई है। यह शेयर आज का टॉप मिडकैप गेनर रहा है। कंपनी ने बताया है कि सिंगापुर की निवेश फर्म टेमासेक, गोदरेज कैपिटल (जो गोदरेज इंडस्ट्रीज की फाइनेंशियल सर्विसेज इकाई है) में 2,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यह निवेश 28,000 करोड़ रुपये तक के वैल्यूएशन पर किया जाएगा।
दोपहर के कारोबार में गोदरेज इंडस्ट्रीज के शेयर 1,046 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर पहुंच गए। इसके चलते कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 35,000 करोड़ रुपये के पार हो गया। 2026 में अब तक इस शेयर में 1.5 प्रतिशत की तेजी आई है। इसने बेंचमार्क निफ्टी से बेहतर प्रदर्शन किया है। इसी अवधि में निफ्टी में 3.3 प्रतिशत की गिरावट आई है।
आज गुरुवार को स्टॉक एक्सचेंज में दी गई जानकारी में गोदरेज इंडस्ट्रीज ने बताया है कि टेमासेक होल्डिंग्स,अपनी सहयोगी कंपनी जोंगसोंग इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के जरिए गोदरेज कैपिटल में 2,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस सौदे के बाद,फाइनेंशियल सर्विसेज बिजनेस में गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप की हिस्सेदारी लगभग 80 प्रतिशत बनी रहेगी।
इस निवेश से गोदरेज कैपिटल का वैल्यूएशन 28,000 करोड़ रुपये तक हो गया है। इससे कंपनी के विस्तार के अगले चरण को मदद मिलने की उम्मीद है, क्योंकि कंपनी ने 2031 तक 1 लाख करोड़ रुपये की एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) का लक्ष्य रखा है। अभी यह सौदा जरूरी रेगुलेटरी मंजूरियों के अधीन है।
गोदरेज कैपिटल का लक्ष्य 2031 तक अपने AUM को लगभग तीन गुना करना है। 31 अक्टूबर 2026 तक इसक AUM 35,000 करोड़ रुपये था। इसके पोर्टफोलियो में होम लोन, प्रॉपर्टी के बदले लोन, वर्किंग कैपिटल लोन, कंस्ट्रक्शन फाइनेंस, गोल्ड लोन, सप्लाई चेन फाइनेंस और पर्सनल लोन शामिल हैं।
टेमासेक से मिलने वाली नई पूंजी से कंपनी को अपनी पहुंच बढ़ाने, अपने उत्पादों को बेहतर बनाने और तकनीक-आधारित क्षमताओं में और अधिक निवेश करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के चेयरपर्सन पिरोजशा गोदरेज ने कहा कि गोदरेज ग्रुप बेहतर संचालन और मजबूत गवर्नेंस के दम पर 2031 तक गोदरेज कैपिटल को 1 लाख करोड़ रुपये के AUM वाली फ्रेंचाइजी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
गोदरेज कैपिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO मनीष शाह ने कहा कि इस निवेश से कंपनी की ग्रोथ को तेज करने और उसकी तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
यह निवेश गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के उन प्रयासों का हिस्सा है जिनका मकसद उपभोक्ता उत्पादों,रियल एस्टेट, कृषि और रसायनों जैसे अपने स्टैब्लिस्ड कारोबारों के साथ-साथ वित्तीय सेवाओं के कामकाज का भी विस्तार करना है। इस डाइवर्सिफाइड ग्रुप ने वित्त वर्ष 2026 में 7.2 अरब डॉलर का रेवेन्यू दर्ज किया। इसका कामकाज भारतीय अर्थव्यवस्था के कई अहम सेक्टरों में फैला हुआ है।

