
देशभर में 8 नवंबर को दीपावली का त्योहार देशभर में रोशनी, खुशियों और उत्साह के साथ मनाया गया, लेकिन इस बार कई परिवारों के लिए यह पर्व जिंदगी का सबसे दुखद दिन बन गया। दीपावली की रात और उसके आसपास आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में देशभर में कम से कम 22 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। सबसे ज्यादा दर्दनाक घटनाएं मध्य प्रदेश में सामने आईं। यहां कटनी और सिवनी जिले में 2 अलग-अलग आगजनी की घटनाओं में 12 लोगों की जान चली गई। महाराष्ट्र के धाराशिव में दीपावली के दिन आग लगने की कई घटनाओं से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा पुणे शहर में आग की कुल 63 घटनाएं सामने आईं।
दीपावली पर्व के दौरान पटाखों की चिंगारी, आतिशबाजी और अन्य कारणों से देश के अलग-अलग शहरों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में दुकानों, मकानों, गोदामों, फैक्ट्रियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा। कई लोग झुलस गए, जबकि कुछ लोगों की जान भी चली गई।
राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और सिक्किम समेत कई राज्यों से आगजनी की घटनाओं की खबरें सामने आईं। कहीं पटाखों की चिंगारी से दुकान में आग लग गई तो कहीं बाजारों और रिहायशी इमारतों तक आग की लपटें पहुंच गईं। दमकल विभाग की टीमों को कई जगह आग पर काबू पाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
ALSO READ: पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 कोच में लगी आग
मध्य प्रदेश में 12 लोगों की गई जान
दीपावली के दौरान आग लगने की सबसे दर्दनाक घटनाएं मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी जिले में सामने आईं। दोनों घटनाओं में एक-एक परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई। इस तरह प्रदेश में कुल 12 लोगों की जान चली गई। चार अन्य लोग घायल हुए।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में भी दीपावली के दौरान पटाखों से जलने की कई घटनाएं सामने आईं। जिला अस्पताल में पटाखों और बारूद से झुलसे करीब 35 से 40 लोगों को उपचार के लिए लाया गया। घायलों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल थे।
राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में लगी भीषण आग
दीपावली की रात राजस्थान के पाली जिले के फालना कस्बे में आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई। यहां स्वर्ण मंदिर के पास स्थित पटाखों की एक दुकान में रात करीब 10 बजे आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सड़क पर फोड़े जा रहे पटाखों की चिंगारी दुकान तक पहुंच गई, जिसके बाद वहां आग भड़क उठी।
दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आसपास की तीन दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति झुलस गया।
दिल्ली में आग की 257 आपातकालीन कॉल, एक बच्चे की मौत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी दीपावली की रात आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, दीपावली के दौरान विभाग को कुल 257 आपातकालीन कॉल प्राप्त हुईं। इनमें 214 कॉल आग से संबंधित थीं, जबकि 24 घटनाएं पटाखों के कारण लगी आग से जुड़ी थीं।
ALSO READ: आग का गोला बना प्राइवेट जेट, रिहायशी इलाके में क्रैश होने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत
शहर में नांगली सकरावती की दो फैक्ट्रियों, नरेला औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री, सफदरजंग फ्लाईओवर के नीचे स्थित एनडीएमसी के गोदाम, एक बैंक्वेट हॉल, आवासीय इमारत और स्कूल में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इसी दौरान बाहरी दिल्ली के नरेला में पटाखा फोड़ते समय 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बच्चा अपने घर के बाहर हाथ में अनार पटाखा लेकर जला रहा था।
महाराष्ट्र के पुणे में आग की 63 घटनाएं
महाराष्ट्र के धाराशिव में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा पुणे शहर में भी दीपावली के दिन आग लगने की कई घटनाएं दर्ज की गईं। रिपोर्ट के मुताबिक, लक्ष्मी पूजन के अवसर पर शहर में आग की कुल 63 घटनाएं सामने आईं। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं आई।
जम्मू के नेहरू मार्केट में 12 से अधिक दुकानें जलीं
जम्मू शहर के ऐतिहासिक नेहरू मार्केट में भी दीपावली की रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई। वेयरहाउस इलाके में स्थित बाजार की एक दुकान में रात करीब 9:15 बजे आग लगी। इसके बाद आग आसपास की दुकानों तक फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 12 से अधिक दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ALSO READ: फ्रांस के ऐतिहासिक टाउन हॉल में आग लगाने के आरोप में संदिग्ध गिरफ्तार
मुंबई में दुकानों और झुग्गियों तक पहुंचीं लपटें
मुंबई में भी दीपावली की रात आग लगने की घटनाओं ने लोगों को परेशान किया। डोंगरी इलाके में दत्ता मंदिर के पास डॉ. महेश्वरी रोड स्थित हाजी कासम चॉल में देर रात भीषण आग लग गई। आग ने आसपास की कई दुकानों और झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके अलावा मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित लोखंडवाला इलाके की एक ऊंची इमारत में शनिवार रात आग लगने की अलग घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई।
उत्तर प्रदेश में कबाड़ की दुकान जलकर खाक
उत्तर प्रदेश के बांदा में भी दीपावली की रात आग लगने की बड़ी घटना सामने आई। यहां कोतवाली क्षेत्र के बाबेरू रोड पर स्थित एक कबाड़ की दुकान में देर रात आग लग गई। दुकान में बड़ी मात्रा में कबाड़ और अन्य सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
सिक्किम में सरकारी आवास में लगी आग
सिक्किम की राजधानी गंगटोक में फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित एक सरकारी आवास में भी रविवार रात आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह पटाखे बताए गए। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई।
ALSO READ: इस्लामाबाद के सबसे बड़े अस्पताल में भीषण आग, 15 नवजातों की दर्दनाक मौत
ठाणे की 17 मंजिला इमारत में आग
महाराष्ट्र के ठाणे में भी दीपावली की रात एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने की घटना सामने आई। वागले एस्टेट के रहेजा गार्डन परिसर स्थित 17 मंजिला कार्लाइल बिल्डिंग में रात करीब 8:30 बजे आग लग गई। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। इमारत में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया।
तमिलनाडु में पटाखों से झुलसे 269 लोग, एक बच्चे की मौत
तमिलनाडु में दीपावली के दौरान पटाखों से जलने की घटनाओं में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के अस्पतालों में पटाखों से झुलसे कुल 269 लोगों का इलाज किया गया। इनमें 159 लोगों को ओपीडी में उपचार दिया गया, जबकि 110 लोगों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। इस दौरान 15 वर्ष से कम उम्र के एक बच्चे की जलने से मौत हो गई।


