
बंगलादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने सोमवार को कहा कि वह पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को प्रत्यर्पण प्रक्रिया के जरिए ही स्वदेश लाना चाहते हैं। ढाका ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के अनुसार, श्री कबीर ने यहां विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ब्रिटेन के जो वकील सुश्री हसीना का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, उन्हें सिर्फ पैसे के बारे में सोचने के बजाय नैतिकता और उसूलों से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुश्री हसीना बंगलादेश में हजारों लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा लॉ फर्म मुवक्किल के पीछे भाग रही हैं, लेकिन उन्हें पैसे के पीछे भागने के बजाय बंगलादेश के लोगों के प्रति कुछ नैतिक ज़िम्मेदारी भी दिखानी चाहिए।” श्री कबीर ने वकीलों से कहा कि हसीना जैसे मुवक्किलों के मुकदमे लड़ते समय वे नागरिकता, आप्रवासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनसुरक्षा से जुड़े ब्रिटिश कानूनों पर ध्यान दें।
Also Read : मिस्र में दो ट्रेनों की टक्कर: सात लोगों की मौत
श्री कबीर ने कहा कि सरकार भारत के साथ प्रत्यर्पण समझौते के तहत उनके सौंपे जाने की मांग कर रही है ताकि बंगलादेश में संबंधित कानूनी कार्रवाई कर सज़ा दी जा सके। उन्होंने कहा कि एक मामले में फैसला पहले ही आ चुका है, जबकि कई दूसरे मामले अभी भी लंबित हैं, जिससे कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए उसका वापस आना ज़रूरी हो गया है।उल्लेखनीय है कि समाचार पत्र प्रोथोम एलो की रिपोर्ट के मुताबिक, नई दिल्ली में बंगलादेश उच्चायोग को लंदन की एक लॉ फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स से एक ई-मेल मिला है, जिसमें सुश्री हसीना के लिए नया पासपोर्ट एवं पहचान पत्र मांगा गया है।
रिपोर्ट में ढाका के राजनयिक सूत्रों के हवाले से कहा गया कि यह पुष्टि करना मुमकिन नहीं है कि मांग सच में शेख हसीना की तरफ़ से आई थी या नहीं। ई-मेल में उनकी तरफ़ से कोई दस्तावेज़ मौजूद नहीं था, जिसकी ज़रूरत आम तौर पर तब होती है जब कोई संगठन किसी और की तरफ़ से आवेदन करता है।
श्री कबीर ने कहा कि सुश्री हसीना कोई आम यात्री नहीं हैं जो बंगलादेश लौटना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले ही दोषी ठहराया जा चुका है और उन पर दूसरे लंबित मामले भी चल रहे हैं। उनके पासपोर्ट आवेदन की रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर, श्री कबीर ने कहा कि वह आवेदन दे सकती हैं या कानूनी मदद मांग सकती हैं, लेकिन इससे बंगलादेश का नज़रिया नहीं बदलेगा। उन्होंने कहा हम चाहते हैं कि उन्हें इंसाफ मिले। वह यहां घूमने या परिवार के साथ घूमने नहीं आ रही हैं।
Pic Credit : UNI

