मलेशिया में दिवाली ऐसे मनती है कि दिल भर आए, सरकार ने टोल पर दी 50% छूट, हिंदू 10% से भी कम फिर भी छुट्टी पूरे देश

कुआलालंपुर : भारत से हजारों किलोमीटर दूर मलेशिया में इस बार की दीपावली कुछ ऐसी मनाई गई, जिसने वहां रहने वाले भारतीयों का दिल जीत लिया। वहां रहने वाली भारतीय मूल की महिला निकिता जैन ने अपने अनुभव को सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।निकिता ने लिखा है कि मलेशिया में दीपावली से ठीक पहले सरकार ने पूरे देश में हाईवे टोल पर 50% की छूट दे दी, ताकि लोग आसानी से अपने घर जा सकें और अपनों के साथ त्योहार मना सकें।

मलेशिया में भारतीय आबादी 10% से भी कम है। इसके बावजूद दीपावली वहां राष्ट्रीय अवकाश है। दफ्तर बंद रहते हैं। इस बार दीपावली रविवार को पड़ी, इसलिए सोमवार को भी छुट्टी दी गई।निकिता के मुताबिक, वहां के मॉल बड़ी-बड़ी रंगोलियों से सज गए। भारतीय बाजारों में रौनक आ गई। उनके अपार्टमेंट में ही दिवाली गेट-टुगेदर रखा गया, जिसमें 20 से ज्यादा देशों के लोग आए।वह एक बड़ी दीपावली एग्जीबिशन में भी गईं, जहां भारतीय कपड़े, गहने, सजावट का सामान और खाने-पीने की चीजें थीं। उन्होंने लिखा, “घर से दूर रहने पर ये छोटी-छोटी चीजें बहुत बड़ी लगती हैं

सरकार ने क्या किया

मलेशिया सरकार ने 6 और 7 नवंबर को रात 12 बजे से लेकर रात 11.59 बजे तक सभी इंटरस्टेट एक्सप्रेस-वे पर प्राइवेट गाड़ियों के लिए टोल आधा कर दिया। पेनांग ब्रिज पर भी छूट दी गई। इसके लिए सरकार ने हाईवे कंपनियों को करीब 20.11 मिलियन रिंगिट (लगभग 40 करोड़ रुपये) मुआवजे के तौर पर देने का फैसला किया।साथ ही 5 से 11 नवंबर तक पेट्रोल-डीजल के दाम भी घटाए गए, ताकि त्योहार पर लोगों की जेब पर बोझ कम पड़े।मलेशिया के वर्क्स मिनिस्टर ने कहा कि ये फैसला सभी धर्म और जाति के लोगों के लिए है, ताकि देश में एकता और भाईचारा बना रहे।

भारत की दिवाली की याद, मलेशिया का अपनापन

निकिता ने ये भी लिखा कि उन्हें भारत की दिवाली की बहुत याद आती है। वहां का शोर, तैयारी और पूरे देश का एक साथ जगमगाना – वो एहसास कहीं और नहीं मिलता।लेकिन मलेशिया की खासियत ये है कि वहां लोग अपनी संस्कृति को सिर्फ बचाकर नहीं रखते, बल्कि देश उसे अपना मानता हैनिकिता ने लिखा, “संस्कृति को बचाने देना और संस्कृति को अपना मानना, इन दोनों में बहुत फर्क है। मलेशिया दूसरा वाला करता है।”मलेशिया में दीपावली सिर्फ एक छुट्टी नहीं है, बल्कि ये बताती है कि एक देश अपनी अल्पसंख्यक आबादी के त्योहार को कैसे पूरे दिल से अपना सकता है।

मलेशिया की दीपावली ये सिखाती है कि त्योहार सिर्फ किसी एक धर्म का नहीं होता, जब देश उसे अपना लेता है तो वो सबका हो जाता है। 10% से भी कम आबादी के त्योहार पर सरकार का टोल आधा करना, छुट्टी देना और पूरे देश को सजाना यही बताता है कि असली एकता कागजों में नहीं, दिलों में होती है। भारत की दिवाली की रौनक सबसे बड़ी है, लेकिन मलेशिया का ये अपनापन हर प्रवासी भारतीय के लिए घर से दूर एक दूसरा घर बन जाता है।