Muhurat Trading Stocks: दिवाली पर मुहूर्त ट्रेडिंग के साथ अगर आप लॉन्ग टर्म के लिए निवेश की शुरुआत करना चाहते हैं, तो ब्रोकरेज फर्म Nuvama ने तीन शेयरों पर दांव लगाया है। ये तीनों अलग-अलग सेक्टर से हैं, फूड सर्विस से जुबिलेंट फूडवर्क्स, मेटल से टाटा स्टील और फार्मा से Divi’s लैबोरेटरीज। तीनों पर ब्रोकरेज ने BUY की सलाह दी है और रिपोर्ट के भाव से इनमें 16% से 34% तक की तेजी का अनुमान है।
जुबिलेंट फूडवर्क्स, सबसे ज्यादा 33.77% अपसाइड
तीनों में सबसे ज्यादा अपसाइड जुबिलेंट फूडवर्क्स में दिख रहा है। Nuvama ने इस पर BUY रेटिंग बरकरार रखी है और ₹614 का टारगेट दिया है। रिपोर्ट में शेयर का भाव ₹459 था, यानी टारगेट 33.77% ऊपर है। ब्रोकरेज ने टारगेट ₹646 से घटाकर ₹614 किया है, फिर भी अपसाइड तीनों शेयरों में सबसे ज्यादा है। सेक्टर के मुकाबले इसे Neutral रेटिंग दी गई है।
सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 11%, प्री-Ind-AS EBITDA 12% और मुनाफा 13% बढ़ा। पुराने स्टोर्स की बिक्री बढ़त यानी LFL ग्रोथ 4.1% रही, जो पिछली तिमाही से बेहतर है। सोच-समझकर की गई कीमत बढ़ोतरी और बेहतर प्रोडक्ट मिक्स से मार्जिन सुधरा।
लॉन्ग टर्म की कहानी यहां Popeyes है। इसका रेवेन्यू 122% उछला और पिछली चार तिमाहियों में इसकी LFL ग्रोथ 40% से ज्यादा रही है। मैनेजमेंट Popeyes को Domino’s के बाद अपना दूसरा बड़ा ग्रोथ इंजन मान रहा है और अगले 3-4 साल में इसका रेवेन्यू ₹1,000 करोड़ से ऊपर ले जाने का लक्ष्य रखा है।
ब्रोकरेज ने FY27 और FY28 के रेवेन्यू अनुमान 0.5-0.5% घटाए हैं, जबकि EBITDA अनुमान 0.2% और 1.9% कम किए हैं। शेयर FY27 और FY28 के अनुमानित प्री-Ind-AS EV/EBITDA के 26.6 और 22.2 गुना पर ट्रेड कर रहा है। इसका 52 हफ्ते का हाई ₹623 और लो ₹398 है, जबकि मार्केट कैप ₹30,300 करोड़ है।
टाटा स्टील, रेटिंग अपग्रेड कर BUY, 17.74% अपसाइड
Nuvama ने टाटा स्टील की रेटिंग अपग्रेड करके BUY कर दी है और टारगेट ₹209 से बढ़ाकर ₹219 कर दिया है। रिपोर्ट में शेयर का भाव ₹186 था, यानी टारगेट 17.74% ऊपर है। सेक्टर के मुकाबले इसे Outperformer माना गया है। शेयर FY28 के अनुमानित EV/EBITDA के 5.7 गुना पर ट्रेड कर रहा है।
सितंबर तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन EBITDA ₹10,320 करोड़ रहा, जो Nuvama के ₹9,900 करोड़ के अनुमान के आसपास है और तिमाही आधार पर 9.6% ज्यादा है। स्टील के दाम घटने और प्रोडक्शन लागत बढ़ने के बावजूद ज्यादा वॉल्यूम ने कमाई को सहारा दिया। प्रति टन EBITDA ₹17,249 रहा, जो पिछली तिमाही से ₹950 कम है। नीदरलैंड्स में DSP प्लांट दोबारा चालू होने, ऊंचे दाम और कम लागत से EBITDA बढ़ा, जबकि UK में कम वॉल्यूम की वजह से घाटा बढ़ा।
आगे की तस्वीर ब्रोकरेज को बेहतर दिख रही है। Nuvama के मुताबिक दिसंबर तिमाही में भारत कारोबार का प्रति टन EBITDA ऊंचे दामों के चलते करीब ₹2,400 बढ़ सकता है। यूरोप के कारोबार को ऊंचे दाम और वॉल्यूम का फायदा मार्च तिमाही से मिलने लगेगा। इसी को देखते हुए ब्रोकरेज ने FY27 और FY28 के EBITDA अनुमान 2% और 9% बढ़ाए हैं, जिसमें आयरन ओर की बिक्री भी शामिल है। शेयर का 52 हफ्ते का हाई ₹224 और लो ₹160 है, जबकि मार्केट कैप ₹2,32,200 करोड़ है।
Divi’s लैब्स, टारगेट ₹12,000 और पेप्टाइड पर बड़ा भरोसा
Nuvama ने Divi’s पर BUY रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट ₹9,600 से बढ़ाकर ₹12,000 कर दिया है। रिपोर्ट में शेयर का भाव ₹10,305 था, यानी टारगेट 16.45% ऊपर है। सेक्टर के मुकाबले इसे Outperformer माना गया है। शेयर FY28 के अनुमानित EPS के 53 गुना पर ट्रेड कर रहा है।
सितंबर तिमाही में कंपनी ने रेवेन्यू, EBITDA और मुनाफे में बाजार के अनुमान को 15%, 33% और 29% से पीछे छोड़ा। रेवेन्यू 35% बढ़कर ₹3,670 करोड़ रहा और एडजस्टेड मुनाफा 72% बढ़कर करीब ₹1,100 करोड़ पहुंच गया। EBITDA मार्जिन 990 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 42.6% हो गया। कस्टम सिंथेसिस कारोबार 54% बढ़ा और कुल बिक्री में इसकी हिस्सेदारी 63.7% के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची।
लॉन्ग टर्म के लिहाज से ब्रोकरेज की सबसे बड़ी उम्मीद पेप्टाइड CDMO कारोबार से है। कंपनी 3,000 लीटर की नई SPPS लाइनें लगा रही है और Nuvama को अगले दो से तीन साल में इस कारोबार के बड़े होने का भरोसा है। तीन बड़े कैपेक्स प्रोजेक्ट भी कुछ तिमाहियों में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू कर सकते हैं। ब्रोकरेज का अनुमान है कि एडजस्टेड मुनाफा FY26 के ₹2,357 करोड़ से बढ़कर FY28 में ₹5,169.9 करोड़ तक पहुंच सकता है। शेयर का 52 हफ्ते का हाई ₹10,321 और लो ₹5,648 है।
Trading Ides: मुहूर्त ट्रेडिंग में इन शेयरों पर लगाएं दांव, इस दिवाली चमक सकती है आपकी किस्मत
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

