8 नवंबर को दिवाली के मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन में फिनोलेक्स केबल्स लिमिटेड के शेयर में जबरदस्त तेजी दिखी। BSE पर शेयर पिछले बंद भाव से 20 प्रतिशत तक उछला और अपर प्राइस बैंड 1,309.90 रुपये हिट हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 20000 करोड़ रुपये के पार निकल गया है। कंपनी ने एक दिन पहले तिमाही और छमाही नतीजे जारी किए थे, जो कि शानदार रहे। मुनाफे और रेवेन्यू दोनों में वृद्धि हुई। इसके बाद शेयर में बंपर खरीद है।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में फिनोलेक्स केबल्स का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 70 प्रतिशत बढ़कर 272.92 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 162.64 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू लगभग 65 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2,269.33 करोड़ रुपये रहा। सितंबर 2025 तिमाही में रेवेन्यू 1,375.79 करोड़ रुपये था। कुल खर्च 1,981.35 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 तिमाही में 1,245.16 करोड़ रुपये के थे।
FY27 की पहली छमाही में कैसा बिजनेस
अप्रैल-सितंबर 2026 यानि कि वित्त वर्ष 2027 के पहले 6 महीनों के दौरान फिनोलेक्स केबल्स का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 4,282.48 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। एक साल पहले समान अवधि में यह 2,771.31 करोड़ रुपये था। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 521.96 करोड़ रुपये रहा, जो सितंबर 2025 छमाही में 325.26 करोड़ रुपये था। खर्च 3,772.33 करोड़ रुपये के दर्ज किए गए, जो सितंबर 2025 छमाही में 2,518.43 करोड़ रुपये के थे।
Finolex Cables का शेयर एक साल में 70 प्रतिशत चढ़ा
फिनोलेक्स केबल्स के शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 35.86 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,498.35 रुपये और एडजस्टेड लो 701 रुपये है। शेयर 3 महीनों में 28 प्रतिशत और एक साल में 70 प्रतिशत चढ़ा है। 5 साल में कीमत 160 प्रतिशत मजबूत हुई है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

