इंडिगो फ्लाइट को हाईजैकिंग की धमकी, विमान को बेंगलुरु लौटना पड़ा

इंडिगो फ्लाइट को हाईजैकिंग की धमकी, विमान को बेंगलुरु लौटना पड़ा

बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के टॉयलेट में हाईजैकिंग की धमकी वाला एक हस्तलिखित नोट मिला। सुरक्षा को देखते हुए विमान को बीच रास्ते से वापस बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा।

उड़ान के वक्‍त मिली धमकी : इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E451 शनिवार शाम करीब 5:50 बजे बेंगलुरु से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। विमान में कुल 178 यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान एक यात्री ने विमान के शौचालय में एक संदिग्ध नोट देखा और इसकी सूचना तुरंत केबिन क्रू को दी। बताया जा रहा है कि नोट पर लिखा था, “This plane is going to get hijacked exactly 06:30” यानी इस विमान को ठीक 6:30 बजे हाईजैक किया जाएगा। इस संदेश के सामने आते ही चालक दल ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और इसकी जानकारी पायलट को दी।

पायलट ने एटीसी को दी सूचना : धमकी की जानकारी मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को वापस बेंगलुरु लौटाने का फैसला किया। विमान के सुरक्षित उतरते ही सभी 178 यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन जांच और तलाशी शुरू की। एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों ने विमान के हर हिस्से की बारीकी से जांच की ताकि किसी भी संभावित खतरे को पूरी तरह खारिज किया जा सके।

नोट रखने वाले की तलाश : बेंगलुरु एयरपोर्ट पुलिस ने यात्रियों से पूछताछ भी की। जांचकर्ताओं को संदेह था कि धमकी भरा नोट विमान में मौजूद किसी व्यक्ति ने ही रखा हो सकता है। इसी वजह से यात्रियों से अलग-अलग जानकारी जुटाई गई और घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की गई। हालांकि जांच के दौरान विमान में कोई संदिग्ध वस्तु या सुरक्षा खतरा नहीं मिला। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी जांच के बाद विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित घोषित कर दिया।

जांच के बाद लखनऊ के लिए हुई रवाना : सभी सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने और विमान को क्लियरेंस मिलने के बाद फ्लाइट को दोबारा लखनऊ के लिए रवाना किया गया। बाद में सभी यात्री सुरक्षित लखनऊ पहुंच गए। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा नोट किसने लिखा और उसे विमान के टॉयलेट में किसने रखा।