
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा है कि मुंगेर और भागलपुर के बीच लगभग 83 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा तथा गंगा नदी के जल का बेहतर प्रबंधन कर किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की योजना पर भी काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 से पहले ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे बिहार के किसी भी व्यक्ति को मजबूरी में मजदूरी करने के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़े और बेहतर नौकरी, व्यवसाय तथा रोजगार के अवसर राज्य में ही उपलब्ध हों।
Also Read : चीन सीमा के पास 13 हजार फुट की ऊंचाई पर वायु सेना के ‘गजराज’ ने रचा इतिहास
श्री चौधरी ने आज मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड के कल्याणपुर स्थित श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यूथ क्लब कल्याणपुर की ओर से आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में एक साथ 11 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्वलित किए गए।
दीपोत्सव में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधिवत दर्शन और पूजा-अर्चना की तथा मां दुर्गा से बिहार की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एक साथ 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने के इस पावन और ऐतिहासिक अवसर पर लोगों के बीच उपस्थित होकर उन्हें काफी प्रसन्नता हो रही है। बिहार में इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित करने का भव्य आयोजन मुंगेर के कल्याणपुर की धरती पर हो रहा है। भगवान श्रीराम जब अधर्म पर विजय प्राप्त कर अयोध्या लौटे थे, तब दीपावली मनाने की परंपरा प्रारंभ हुई। यह पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर जाने का संदेश देता है। उन्होंने समस्त बिहारवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
Pic Credit : UNI

