पोलैंड के क्राको शहर में ताबड़तोड़ गोलीबारी, 5 की मौत, कई घायल, पुलिस ने हमलावर को गोली मारी

पोलैंड के क्राको शहर में ताबड़तोड़ गोलीबारी, 5 की मौत, कई घायल, पुलिस ने हमलावर को गोली मारी

poland violence

पोलैंड के क्राको शहर के मेन मार्केट स्क्वायर में गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस ने हमलावर को गोली मारकर काबू में किया। आरोपी को अस्पताल ले जाया जा रहा है। घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।

CBS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने जानकारी दी है कि पोलैंड के क्राको शहर में एक व्यक्ति ने अपनी कार से एक ओपन मार्केट में घुसकर गोलीबारी की। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई। लगभग एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इलाके में लोग इधर-उधर भागते हुए अपनी जान बचाते नजर आ रहे हैं। हमलावर को वहीं पुलिसकर्मियों ने गोली मारकर हिरासत में ले लिया। घटना शनिवार को दोपहर 3 बजे की है।

अंधाधुंध गोलियां चलाई : हमलावर ने अपनी कार से लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई हैं। घायलों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। वह मुठभेड़ के दौरान घायल हुए। उन्हें गोली लगी है। इसके बाद उन्हें भी अस्पताल ले जाया गया है। बता दें क‍ि क्राको पोलैंड का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। राजधानी वारसॉ से लगभग 155 किमी दूर है।

पोलैंड के पीएम ने एक्स पर किया पोस्ट : पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क ने सोशल मीडिया पर बताया कि गोलीबारी की दुखद घटना के बाद क्राको के हालात के बारे में मुझे गृह मंत्री लगातार जानकारी दे रहे हैं। पुलिस इस हमले के पीछे की वजह और इससे जुड़ी सभी परिस्थितियों की जांच में जुटी है। फिलहाल किसी तरह की अन्य जानकारी नहीं है।

क्‍या कहा अमेरिका ने : अमेरिकी राजदूत टॉम रोज ने X पर पोस्ट करते हुए बताया कि हमें क्राको में हुई गोलीबारी के बारे में जानकारी मिल रही है। यह एक क्रूर और जानलेवा हमला है। इसने पोलैंड की शांति को झकझोर दिया है। इस मुश्किल घड़ी में अमेरिका पोलैंड के साथ खड़ा है। ठीक वैसे ही जैसे पोलैंड अपने क्राको के नागरिकों के साथ खड़ा है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया, “पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, उस व्यक्ति ने मिलिट्री-स्टाइल के कपड़े पहने हुए थे।” प्रवक्ता ने आगे बताया, “गिरफ्तारी के दौरान अधिकारियों ने अपने हथियारों का इस्तेमाल किया, लेकिन उस व्यक्ति ने भी जवाबी फायरिंग की; जिसके चलते दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए।” इसके अलावा, पुलिस ने हमलावर को गोली मार दी और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था।