दिवाली से पहले इंदौर में खाद्य विभाग के छापों से हड़कंप, 25 स्‍थानों से घी, तेल और मावे के नमूने लिए

दिवाली से पहले इंदौर में खाद्य विभाग के छापों से हड़कंप, 25 स्‍थानों से घी, तेल और मावे के नमूने लिए

food sample

इंदौर में नकली और मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। दिवाली को ध्‍यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन और नापतोल विभाग की संयुक्त टीम ने 11 खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 26 नमूने लिए।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन और नापतोल विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 26 खाद्य नमूने संग्रहित किए। अभियान के दौरान 11 प्रतिष्ठानों की जांच की गई तथा 2 प्रतिष्ठानों पर नापतोल विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश के आदेशों पर की गई इस कार्रवाई के दौरान छोटा बांगड़दा स्थित मुस्कान डेयरी से पनीर, ट्रेडिशनल स्वीट्स एवं घी के 3 नमूने तथा स्कीम नंबर 51 स्थित स्नेहल डेयरी से पनीर एवं घी के 2 नमूने लिए गए। राधास्वामी नगर, चितावद रोड स्थित राममोहन दूध दही भंडार से दूध का 1 नमूना संग्रहित किया गया।

एसडीए कंपाउंड, मूसाखेड़ी स्थित श्री बसंत इंटरप्राइजेज का प्राप्त शिकायत के आधार पर निरीक्षण कर कीर्ति गोल्ड रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया। इस दौरान नापतोल विभाग द्वारा तेल के पैकेटों की जांच की गई, जिसमें पैकेटों पर आवश्यक घोषणाएं एवं वजन नियमानुसार पाए गए। प्रतिष्ठान में उपयोग किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण असत्यापित पाए जाने पर जब्‍त कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। इसी क्षेत्र में फार्मर्स मिल्क कार्ट से मावा, मिल्क केक, रसगुल्ला एवं केसर पेड़ा के 4 नमूने लिए गए। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। नापतोल विभाग द्वारा प्रतिष्ठान में उपयोग किया जा रहा असत्यापित बाट भी जब्‍त कर प्रकरण दर्ज किया गया।

साउथ तुकोगंज स्थित श्रीवारी फूड वेंचर्स से उड़द दाल का नमूना संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान कीट नियंत्रण व्यवस्था में कमियां तथा खाद्य कारोबारी के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। इस संबंध में आवश्यक सुधार के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। पगनिशपागा स्थित एस.एस. ट्रेडिंग फर्म से पराग वनस्पति, माधव गोल्ड किचिन रिफाइंड तेल, रामदेव शिवाय वनस्पति एवं दिव्य अमृत लाइट फैट कुकिंग मीडियम के 4 नमूने लिए गए। वहीं, खातीवाला टैंक स्थित पूजा नमकीन भंडार से मूंगफली तेल, बेसन एवं सोनपापड़ी के 3 नमूने संग्रहित किए गए।

तेजाजी नगर स्थित नवशक्ति दूध डेयरी एंड स्वीट्स में भंडारित मावा एवं पनीर का मैजिक बॉक्स एवं टेस्ट किट से प्रारंभिक परीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान से मावा, पनीर, मावा रोल एवं पेड़ा के 4 नमूने लिए गए। इसी क्षेत्र के श्री कृष्णा दूध दही भंडार से मिश्रित दूध का 1 नमूना तथा खंडवा नाका स्थित सांवरिया दूध डेयरी से गुपचुप एवं केसर पेड़ा के 2 नमूने संग्रहित किए गए।