
इंदौर लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को धार जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। शुरुआती जांच में उनके पास आय से अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। फिलहाल जांच टीम मामले की पडताल कर रही है, लेकिन अब तक जो खुलासा हुआ है उसमें आय से ज्यादा संपत्ति सामने आई है।
मकान पर 97 लाख रुपए खर्च : जांच में सामने आया कि शेरसिंह ठाकुर ने ग्राम सोडपुर, नालछा में 0.1520 हेक्टेयर का भूखंड खरीदा। इस पर 2400 वर्गफीट में दो मंजिला मकान बनवाया। भूखंड की खरीद और मकान निर्माण पर 97 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। नालछा में मांडव रोड स्थित सोडपुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का एक और भवन खरीदा गया है। इसका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए हो रहा है। इसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए है।
पत्नी के नाम लाखों की जमीन : जांच में ठाकुर की पत्नी कविता के नाम पर भी कृषि भूमि खरीदी गई है। ग्राम सोडपुर, तहसील पीथमपुर में 0.645 हेक्टेयर जमीन 8 लाख रुपए में खरीदी गई। वहीं, ग्राम मांडव, तहसील पीथमपुर में 2.526 हेक्टेयर जमीन की खरीद पर 42 लाख रुपए खर्च हुए।
जेसीबी, ट्रैक्टर, कार और बुलेट भी मिलीं : लोकायुक्त के मुताबिक, ठाकुर के पास जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा TUV, ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि यंत्र-संयंत्र मिले हैं। इनकी अनुमानित कीमत 53 लाख रुपए है। ठाकुर से जुड़े एक अन्य बेनामी भवन की जानकारी भी मिली है। इसको वेरिफाई किया जा रहा है। अलग-अलग संपत्तियों पर मिले कृषि यंत्रों, ट्रैक्टरों और ट्रॉलियों के स्वामित्व और कीमत का आकलन किया जा रहा है।


