
त्योहारों के मौसम में पुणे के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पुणे मेट्रो ट्रेन का उद्घाटन किया। हिंजेवाड़ी से शिवाजी नगर के बीच मेट्रो शुरू होने से शहर के आईटी हब को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इस दौरान पीएम मोदी ने देश में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार, अर्बन चैलेंज फंड और गरीबी उन्मूलन के दावों पर खुलकर बात करते हुए कहा कि आज भारत सबसे तेजी से गरीबी घटाने वाला और विकास करने वाला देश बन चुका है।
पुणे के IT हब को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
उन्होंने कहा कि आज पुणे के लोगों के लिए ऐसा ही सुखद अवसर है। मुझे खुशी है कि आज पुणे मेट्रो की एक और लाइन का लोकार्पण हो रहा है। 10 वर्ष पहले मुझे पुणे में पहले चरण के काम के शिलान्यास का अवसर मिला था। अब हिंजेवाड़ी से शिवाजी नगर के बीच मेट्रो शुरू होने से पुणे के IT हब को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
फास्टेस्ट ग्रोइंग इकनॉमी, फास्टेस्ट पॉवरटी रिड्यूसर
पीएम मोदी ने कहा कि देश की अनेक पीढ़ियां “गरीबी हटाओ” के वादों और दावों के बीच ही बड़ी हुई हैं। पहले गरीबी से लड़ाई सिर्फ नारों में थी, आज भारत गरीबी को धरातल पर पराजित कर रहा है। आज भारत वो देश है, जो फास्टेस्ट ग्रोइंग इकनॉमी भी है और फास्टेस्ट पॉवरटी रिड्यूसर भी है।
उन्होंने कहा कि हमारे शहर केवल रहने की जगह नहीं हैं। ये देश की Economic Activity के बड़े केंद्र भी हैं। हमें देश के सैकड़ों छोटे शहरों को ग्रोथ हब भी बनाना है। इसी विजन के साथ इस साल फरवरी में अर्बन चैलेंज फंड की स्वीकृति दी गई थी। इस फंड के लिए एक लाख करोड़ रुपये की मदद केंद्र सरकार दे रही है। इससे आने वाले वर्षों में देश के शहरों में लाखों करोड़ रुपये का निवेश जुटने का लक्ष्य है। मैं स्थानीय निकायों और प्राइवेट सेक्टर के साथियों से आगे आने का आग्रह करता हूं। हम सभी को मिशन मोड पर जुटना है।
मेट्रो में रोज एक करोड़ से ज्यादा लोग करते हैं सफर
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश में मेट्रो ट्रांसपोर्टेशन का कायाकल्प हो चुका है। 2014 में जहां 248 किमी मेट्रो रूट था, आज वो बढ़कर 1,400 किमी हो चुका है। 2014 में जहां 5 शहरों में मेट्रो चलती थी, आज 26 शहरों में मेट्रो चलने लगी है। अब हर रोज मेट्रो में एक करोड़ से ज्यादा लोग ट्रैवल कर रहे हैं। भारत का मेट्रो नेटवर्क दुनिया के टॉप 3 मेट्रो नेटवर्क में गिना जाता है।
उन्होंने कहा कि 2014 में जब देश ने एनडीए को सेवा का मौका दिया, तो हम एक संकल्प लेकर चले। यह संकल्प था, शहर में रहने वाले मिडिल क्लास की ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ ट्रांसपोर्टेशन। इसका नतीजा आज हम देख रहे हैं।
पुणे को लेकर क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम ने कहा कि पुणे शहर हमेशा से ऐसे विचारों का केंद्र रहा है, जिनसे राष्ट्र और समाज को नई दिशा मिली है। आज पुणे विकसित भारत की नई ऊर्जा को भी दिशा दे रहा है। IT, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप… इनोवेशन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक, पुणे देश के युवाओं के लिए सपनों और संकल्प का स्थान है। ऐसे में यहां की मजबूत होती मेट्रो कनेक्टिविटी यहां के विकास को नई गति देने जा रही है।


