
BSF Jawans Attacked Tripura: भारत-बांग्लादेश सीमा पर देश की सुरक्षा में तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों के साथ त्रिपुरा में एक हैरान कर देने वाला और आक्रोश पैदा करने वाला मामला सामने आया है। सिपाहीजाला जिले के बॉक्सानगर (अशाबाड़ी) इलाके में तस्करी नाकाम करने से बौखलाए तस्करों और उपद्रवियों के झुंड ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को घेरकर लाठी-डंडों से बर्बरतापूर्वक पीट दिया। सिर पर डंडा लगने से एक जवान लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा और उपद्रवी उसकी राइफल तक छीनकर भाग निकले।
इस शर्मनाक घटना के वीडियो के सामने आने और मुख्यमंत्री माणिक साहा के कड़े रुख के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को धर दबोचा है। दरअसल, यह घटना सोमवार दोपहर की है, जब जब बॉक्सानगर के अशाबाड़ी इलाके में बीएसएफ के जवानों ने बांग्लादेश सीमा के पास तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम किया, तो बौखलाए तस्करों ने उन पर हमला कर दिया।
Three BSF personnel injured in an attack by smugglers near the international border in Boxanagar, Tripura. The attackers snatched weapons during the assault November 2, 2026
घटना से जुड़ा एक स्तब्ध कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिलाओं और पुरुषों की एक उग्र भीड़ लाठी-डंडों से बीएसएफ के जवानों पर टूट पड़ती है। एक महिला जवान के सिर पर पीछे से लाठी से ऐसा घातक वार करती है कि जवान बेसुध होकर सड़क किनारे गिर पड़ता है।जवान के हाथ में सर्विस राइफल मौजूद थी। इसी दौरान हमलावर हमलावर राइफल छीनकर भाग गया। हमलावरों ने सुरक्षा बलों के सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की।
रातभर चला कॉम्बिंग ऑपरेशन, 8 गिरफ्तार
हमले की खबर मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया। जब हमलावरों का पीछा किया गया तो वे अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य हमलावरों में शामिल एक तस्कर हेजफुर रहमान को घटनास्थल से 400 मीटर दूर दबोच लिया।
इसके बाद त्रिपुरा पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने सिपाहीजाला जिले में रातभर छापेमारी कर 8 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर एक असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार बीएसएफ जवानों पर जानलेवा हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
क्या कहा मुख्यमंत्री माणिक साहा ने?
इस घटना पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर सख्त लहजे में अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि देश की सुरक्षा में चौबीसों घंटे तैनात जवानों के साथ ऐसी हिंसा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। सुरक्षा बलों पर हमला एक अत्यंत गंभीर चिंता का विषय है। देश के रक्षक सम्मान और सुरक्षा के हकदार हैं। मुख्यमंत्री साहा ने राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि हमलावरों और तस्करों के सिंडिकेट के खिलाफ ऐसी कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए जो मिसाल बने।


