भीषण चक्रवाती तूफान में बदला ‘मुरासु’, आंध्र प्रदेश तट से कब टकराएगा; इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

भीषण चक्रवाती तूफान में बदला 'मुरासु', आंध्र प्रदेश तट से कब टकराएगा; इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

cyclone murasu alert

Cyclone Murasu Landfall Live Updates: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ (Murasu) और अधिक भयानक रूप लेते हुए एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह तूफान 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी तबाही की आशंका जताते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया है। ALSO READ: Cyclone Murasu का खौफ, 100 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, जानिए किन राज्यों में मंडराया खतरा

 

कब और कहां होगा लैंडफॉल?

IMD ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान ‘मुरुसु’ पिछले 06 घंटों के दौरान लगभग 20 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा, एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया।

 

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ 2 नवंबर की आधी रात (रात 11:30 बजे) से 3 नवंबर तड़के (सुबह 4:00 बजे) के बीच आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट को पार करेगा। यह नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के करीब, भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में तट से टकराएगा। इस दौरान हवा की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जो 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

 

चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने के साथ तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। तीनों राज्यों में प्रशासन ने आपदा से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं।

 

तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

तूफान के प्रभाव से आज चेन्नई और तिरुवल्लूर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, रानीपेट, वेल्लोर और नीलगिरि में भी झमाझम बारिश हो सकती है। हालांकि, 3 नवंबर को बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की उम्मीद है, लेकिन नीलगिरि में छिटपुट भारी बारिश जारी रह सकती है।

 

आंध्र प्रदेश में भी तेज बारिश का अनुमान

2 नवंबर को दक्षिण और मध्य तटीय जिलों में अधिकांश जगहों पर मध्यम से भारी और कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। ऊर्जा विभाग ने तटीय जिलों में बिजली उपकरणों का पर्याप्त स्टॉक रखने, संवेदनशील इलाकों में कर्मचारियों और मशीनरी की तैनाती के निर्देश दिए हैं ताकि आपूर्ति बाधित होने पर तुरंत बहाली की जा सके।

 

तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।