Q2FY27 में इस सरकारी बैंक का धांसू प्रदर्शन! ₹6,532 करोड़ के पार पहुंचा मुनाफा, शेयरधारकों की बल्ले-बल्ले

Bank of Baroda Q2 Results: सार्वजनिक क्षेत्र के दिग्गज बैंक ऑफ बड़ौदा ने 30 अक्टूबर को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (Q2FY27) के नतीजे घोषित कर दिए हैं। बैंक ने अब तक का सबसे ज्यादा ₹6,532 करोड़ का रिकॉर्ड तिमाही शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है, जो पिछले साल की समान अवधि से 35.8% अधिक है। इसके साथ ही बैंक का ऑपरेटिंग प्रॉफिट भी 50.9% बढ़कर रिकॉर्ड ₹11,430 करोड़ पर पहुंच गया है।

वैसे इस तिमाही के दौरान बैंक के प्रोविजंस में सालाना आधार पर 93.3% का बड़ा उछाल देखा गया है। प्रोविजन बैंकों के अपने मुनाफे में से अलग निकालकर रखी गई वह सुरक्षित राशि है, जिसे भविष्य में किसी कर्ज के डूबने या NPA होने से होने वाले संभावित नुकसान की भरपाई के लिए रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार अनिवार्य रूप से रखा जाता है ताकि बैंक दिवालिया होने से बच सके। बैंक के नजरिए से प्रोविजन का बढ़ना हमेशा एक निगेटिव संकेत होता है, और इसका घटना पॉजिटिव होता है।

इनकम और मुनाफे का लेखा-जोखा

बैंक की शुद्ध ब्याज आय 9% बढ़कर ₹13,026 करोड़ रही Q2FY26 में यह ₹11,954 करोड़ थी। बैंक की कुल परिचालन आय 28.7% बढ़कर ₹19,907 करोड़ हो गई। वहीं गैर-ब्याज आय में 95.8% का जोरदार उछाल आया और यह ₹6,881 करोड़ पर पहुंच गई।

बैंक का प्रावधान 93.3% बढ़कर ₹2,381.8 करोड़ हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹1,232.47 करोड़ था। पिछली तिमाही (Q1FY27: ₹643.03 करोड़) के मुकाबले भी इसमें तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। बैंक का ग्लोबल नेट इंटरेस्ट मार्जिन 2.74% पर रहा।

एसेट क्वालिटी में हुआ सुधार

बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी एसेट क्वालिटी में लगातार सुधार जारी रखा है। सितंबर 2026 तक बैंक का ग्रॉस एनपीए अनुपात 38 बेसिस पॉइंट्स घटकर 1.78% पर आ गया जो एक साल पहले 2.16% था। नेट एनपीए 20 बेसिस पॉइंट्स घटकर 0.37% रह गया।

टेक्निकल राइट-ऑफ को मिलाकर प्रोविजन कवरेज रेशियो सुधार के साथ 94.65% पर पहुंच गया। साथ ही स्लिपेज रेशियो घटकर 0.69% पर आ गया, जबकि क्रेडिट कॉस्ट तिमाही के लिए 0.55% रही।

बिजनेस परफॉर्मेंस और लोन ग्रोथ

30 सितंबर 2026 तक बैंक का कुल ग्लोबल बिजनेस 17.2% बढ़कर ₹32,57,883 करोड़ हो गया। ग्लोबल एडवांसेज 18.3% बढ़कर ₹15,12,448 करोड़ हो गए। इसमें इंटरनेशनल एडवांसेज 39.7% बढ़कर ₹3,24,504 करोड़ और घरेलू एडवांसेज 13.5% बढ़कर ₹11,87,944 करोड़ रहे।

ग्लोबल डिपॉजिट्स 16.4% बढ़कर ₹17,45,435 करोड़ हो गए। घरेलू कासा (CASA) डिपॉजिट 10.4% बढ़कर ₹5,39,515 करोड़ पर पहुंच गया। रीटेल, एग्रीकल्चर और MSME का कुल घरेलू कर्ज में 64.2% हिस्सा रहा।

  • ऑटो लोन: 27.8% की बढ़ोतरी
  • एमएसएमई लोन: 21.3% की बढ़ोतरी
  • कृषि लोन: 19% बढ़कर ₹2,01,946 करोड़
  • होम लोन: 14.6% की बढ़ोतरी

पूंजी पर्याप्तता और शेयर की स्थिति

बैंक का कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो 16.61% और CET-1 रेशियो 14.20% पर मजबूत स्थिति में है। रिटर्न ऑन एसेट 19 बीपीएस सुधरकर 1.26% और रिटर्न ऑन इक्विटी 363 बीपीएस बढ़कर 19.28% हो गया। आपको बता दें कि नतीजे जारी होने वाले दिन BSE पर बैंक ऑफ बड़ौदा का शेयर 1.24% की तेजी के साथ ₹238.50 पर बंद हुआ।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।