
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के मध्यप्रदेश से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार होंगे। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद राज्यसभा उपचुनाव में हरदीप पुरी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है। हरदीप सिंह पुरी वर्तमान में मोदी सरकार में मंत्री है और वह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद है।
हरदीप पुरी का मौजूदा राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होगा। भाजपा ने पिछले दिनों उत्तर प्रदेश से खाली हुई 10 राज्यसभा सीटों से जब हरदीप पुरी को उम्मीदवार नहीं बनाया था तो उनके सियासी भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे थे। ऐसे में अब जब भाजपा नेतृत्व ने उन्हें मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित कर दिया है तो सभी सवालों पर विराम लग गया है।
हरदीप सिंह पुरी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में पंजाब की अमृतसर सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें कांग्रेस के उम्मीदवार गुरजीत सिंह औजला से हार का सामना करना पड़ा। मध्यप्रदेश से राज्यसभा प्रतिनिधित्व को लेकर भारतीय जनता पार्टी की रणनीति के लिहाज से यह फैसला अहम माना जा सकता है। हरदीप सिंह पुरी केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं और राष्ट्रीय राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन 2024 में मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए चुने गए थे। उनका कार्यकाल 2030 तक निर्धारित था। पिछले दिनों एल मुरुगन से अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
चुनाव आयोग की ओऱ से मध्यप्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के मुताबिक 26 अक्टूबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन प्रक्रिया चल रही है और 2 नवंबर नामांकन की आखिरी तारीख है। 3 नवंबर नामांकन की जांच और 5 नवंबर तक नाम वापसी के तारीख तय की गई है। वहीं 12 नवंबर को मतदान और उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना होगी। मध्यप्रदेश विधानसभा में कुल 230 सीटें हैं। विधानसभा की मौजूदा स्थिति के मुताबिक बीजेपी के 164 और कांग्रेस के 64 विधायक हैं, जबकि एक सीट भारत आदिवासी पार्टी के पास है और एक सीट रिक्त है। राज्यसभा की एक सीट पर जीत दर्ज करने के लिए 58 प्रथम वरीयता वोट जरूरी हैं। ऐसे में बीजेपी के पास संख्या बल के लिहाज से मजबूत स्थिति है, जबकि कांग्रेस को भी अपने विधायकों के एकजुट समर्थन की जरूरत होगी। बीजेपी और कांग्रेस के बीच इसी संख्या बल को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।


