इंदौर में दिवाली से पहले मिठाइयों की जांच, कई दुकानों से लिए 18 सैंपल, डेयरियों में मिली खराब क्रीम, जांच जारी

इंदौर में दिवाली से पहले मिठाइयों की जांच, कई दुकानों से लिए 18 सैंपल, डेयरियों में मिली खराब क्रीम, जांच जारी

food sample indore

दीपावली पर्व के मद्देनजर इंदौर में कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है। 18 सैंपल लिए गए हैं, जिसे जांच के लिए भोपाल भेजा जाएगा। व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर काबू पाने के लिए इंदौर में खाद्य विभिन्न की कार्रवाई लगातार जारी है। विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 9 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। विभिन्न खाद्य पदार्थों के 18 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

खराब क्रीम नष्‍ट किया : निरीक्षण के दौरान खराब क्रीम के 2 टीन मौके पर नष्ट कराए गए। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, वैध खाद्य पंजीयन और अनुज्ञप्ति के अंतर्गत कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन में और कलेक्टर वर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है।

इन प्रतिष्ठानों से लिए नमूने : बालाजी दूध डेयरी एंड स्वीट्स, प्रिंस नगर के निरीक्षण के दौरान प्रोपराइटर विनीत जाट उपस्थित पाए गए। यहां मिठाइयों और मावा आदि का निर्माण किया जाना पाया गया। प्रतिष्ठान से मावा और मिल्क केक के 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। वहीं अजंता स्वीट्स एवं नमकीन, सिरपुर, गोपाल नगर, धार रोड  के प्रभारी कैलाश त्रिवेदी की उपस्थिति में निरीक्षण किया गया। संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। यहां से मिल्क केक का 1 नमूना संग्रहित किया गया, जिसे जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

6 महीने में 2051 नमूनों की जांच : बता दें कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक जिले में 965 निरीक्षण किए और 2051 खाद्य नमूने जांच के लिए। इनमें 834 लीगल और 1212 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। इस अवधि में विभिन्न उल्लंघनों के 38 प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। इनमें से 20 मामलों में फैसला आया और सभी में दोष सिद्ध होने पर कुल 50 लाख रुपए का अर्थदंड लगाया गया।

31 हजार किलो खाद्य सामग्री जब्त : बता दें कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में दूध एवं दुग्ध उत्पादों, घी, तेल और पेय पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान करीब 31 हजार किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत 86 लाख रुपए बताई गई है। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों में कार्रवाई करते हुए खाद्य कारोबार बंद कराने सहित वैधानिक कदम भी उठाए गए। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से 2563 नमूनों का मौके पर परीक्षण किया गया।

भंडारण और बिक्री पर नजर : इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों को दीपावली के मद्देनजर विशेष निगरानी रखने और जांच अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को हुई जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने विभागीय कार्रवाई की समीक्षा करते हुए होटल, रेस्टोरेंट, स्कूलों, हास्टलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की रसोई में भी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।