
चीन सीमा विवाद और भारत की स्थिति को लेकर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर के बयान पर अरुणाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री बालो राजा की प्रतिक्रिया सुर्खियों में आ गई है। मंत्री बालो राजा ने जो कहा उसका कनेक्शन हाल ही में आई धुरंधर फिल्म से है, उनका यह बयान सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है और धुरंधर फिल्म एक बार फिर से चर्चा में आ गई है।
क्या कहा बालो राजा ने : ITBP DG द्वारा चीन की तुलना में भारत को कमजोर स्थिति में बताने वाले बयान पर ऐतराज जताते हुए बीजेपी मंत्री बालो राजा ने कहा कि भारत की इंटेलिजेंस क्षमताएं बहुत मजबूत हुई हैं और इसे समझने के लिए ‘धुरंधर’ फिल्म देखनी चाहिए। मंत्री के इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर ट्रोलिंग हो रही है और लोग सुरक्षा जैसे गंभीर राष्ट्रीय मुद्दे पर किसी काल्पनिक या स्पाई थ्रिलर फिल्म का उदाहरण देने पर मंत्री के तर्क पर सवाल उठा रहे हैं।
क्या है पूरा मामला : भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक (DG) शत्रुजीत सिंह कपूर ने हाल ही में अरुणाचल प्रदेश सीमा पर चीन के साथ जारी सैन्य आमने-सामने (Face-offs) और भारत की स्थिति को लेकर एक बयान दिया था। जब एक रिपोर्टर ने इस बयान और चीनी घुसपैठ की आशंकाओं का हवाला देते हुए बीजेपी मंत्री बालो राजा से सवाल पूछा, तो उन्होंने ITBP प्रमुख के बयान पर असहमति जताई।
मंत्री बालो राजा जवाब पर हुए ट्रोल : मंत्री बालो राजा ने रिपोर्टर से कहा: “जब आप एक महानिदेशक (DG) हैं तो ऐसा बयान क्यों देते हैं? खुद को कमजोर क्यों समझते हैं? भारत बहुत मजबूत है। आपने ‘धुरंधर’ फिल्म देखी होगी, उसे देखिए… आपको समझ आएगा कि भारत की खुफिया क्षमताएं (Intelligence Capabilities) कितनी बढ़ चुकी हैं।” इस बयान के बाद बालो राजा को ट्रोल किया जा रहा है। देश की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सीमा जैसे गंभीर मुद्दे पर किसी बॉलीवुड फिल्म का उदाहरण दिए जाने के बाद यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई सोशल मीडिया यूजर्स और विपक्षी नेताओं ने इस पर तंज कसा और मंत्री को ट्रोल करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को फिल्मों के चश्मे से नहीं देखा जा सकता।


