Dhanteras 2026: धनतेरस पर सोने की ज्वेलरी खरीदने का है प्लान? इन 5 स्टेप्स से आसानी से चेक करें गहनों की प्योरिटी

Dhanteras 2026: भारत में त्योहारों का मौसम शुरू हो गया है। त्योहारों के दौरान सोना खरीदना शुभ माना जाता है और धनतेरस पर लोग खास तौर पर सोने के गहने, सिक्के और बिस्किट खरीदते हैं। इस साल धनतेरस 6 नवंबर को मनाई जाएगी। धनतेरस के मौके पर बाजार में सोने की मांग भी बढ़ जाती है। अगर आप इस धनतेरस सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो गहने या सिक्के लेने से पहले उसकी प्योरिटी (शुद्धता) जरूर चेक कर लें। आप इन आसान तरीकों को अपनाकर सोने की प्योरिटी को चेक कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में

सोने की प्योरिटी की करें जांच

कही से भी सोना खरीदते समय उसकी शुद्धता जांचना बहुत जरूरी है। इसके लिए ग्राहक गहनों पर लगे हॉलमार्क को देख सकते हैं। हॉलमार्क से पता चलता है कि सोने की गुणवत्ता की जांच की गई है और उसे तय मानकों के अनुसार प्रमाणित किया गया है। भारत में सोने की शुद्धता का यह प्रमाणन भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) जारी करता है। लेकिन कभी-कभी केवल हॉलमार्क देखकर संतुष्ट होना सही नहीं है। कुछ मामलों में गहनों पर नकली हॉलमार्क भी लगाया जा सकता है। इसलिए सोने की असली शुद्धता का पता लगाने के लिए हॉलमार्क की सही तरीके से जांच करना और खरीदारी के समय सतर्क रहना जरूरी है।

कैसे करें इसको वेरिफाई

सोने की शुद्धता की सही जानकारी पाने के लिए हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (HUID) कोड की मदद ली जा सकती है। ये छह अंकों का खास कोड होता है, जो BIS हॉलमार्क वाली सोने की ज्वेलरी पर दर्ज रहता है। ग्राहक BIS केयर मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट के जरिए इस कोड की जांच कर गहने की जानकारी और उसकी प्योरिटी वेरिफाई कर सकते हैं। इससे सोना खरीदते समय धोखाधड़ी से बचने में मदद मिल सकती है।

अपने फोन पर कैसे करें जांच

सोने के गहने खरीदने से पहले उनकी शुद्धता और असली होने की जांच HUID कोड के जरिए ऑनलाइन की जा सकती है। इसके लिए कुछ आसान स्टेप्स अपनाने होंगे, जिनकी मदद से ग्राहक गहने पर दिए गए HUID नंबर को वेरिफाई कर सकते हैं। इससे खरीदारी से पहले सोने की सही जानकारी मिल सकेगी और नकली गहने खरीदने का खतरा कम होगा। जानें इन पांच स्टेप के बारे में

स्टेप 1: सबसे पहले अपने सोने के गहने पर 6 अंकों का अल्फान्यूमेरिक HUID कोड देखें। ये आमतौर पर BIS के लोगो, सोने की प्योरिटी (जैसे 22K या 18K) और ज्वेलर के पहचान चिह्न के पास दर्ज होता है।

स्टेप 2: अपने एंड्रॉयड फोन में Google Play Store या आईफोन में Apple App Store खोलें और आधिकारिक BIS Care ऐप डाउनलोड करें। इस ऐप की मदद से हॉलमार्क वाले सोने के गहनों की जानकारी जांची जा सकती है।

स्टेप 3: ऐप खोलने के बाद होम स्क्रीन पर ‘Verify HUID’ ऑप्शन चुनें। इसके बाद अपने गहने पर लिखा छह अंकों का कोड ध्यान से दर्ज करें।

स्टेप 4: कोड दर्ज करने के बाद ऐप पर उपलब्ध जानकारी देखें। इसमें ज्वेलर के रजिस्ट्रेशन, हॉलमार्किंग की तारीख, हॉलमार्किंग सेंटर और सोने की शुद्धता से जुड़ी जानकारी मिल सकती है।

स्टेप 5: ऐप में दिखाई गई जानकारी को गहने पर लिखे हॉलमार्क और ज्वेलर की रसीद से मिलाकर देख लें। अगर कोई जानकारी अलग हो, तो खरीदने से पहले दुकानदार से पूछें।

अगर आपके पास बिना हॉलमार्क वाले सोने के गहने हैं और आप उनकी शुद्धता जानना चाहते हैं, तो इसके लिए BIS से मान्यता प्राप्त जांच केंद्र पर जा सकते हैं। यहां तय शुल्क देकर सोने की जांच कराई जा सकती है। इससे आपको पता चल सकेगा कि आपके गहने में कितना शुद्ध सोना है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।