दिल्ली के एक 23 साल के जेन जी को मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। उस पर आरोप है कि उसने इंस्टाग्राम पर खुद को एक अमीर बिजनेसमैन बताकर और शादी का झांसा देकर लगभग 20 महिला पुलिस कांस्टेबलों से 24 लाख रुपये ठग लिए। इस अजीबोगरीब मामले ने इंटरनेट पर सबका ध्यान खींचा है। सोशल मीडिया यूजर्स इसकी तुलना ‘लेडीज वर्सेस रिकी बहल’ फिल्म में रणवीर सिंह द्वारा निभाए गए किरदार ‘रिकी बहल’ से कर रहे हैं, जो बातों में फंसाकर लोगों को ठगता था।
रिपोर्टों के अनुसार दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में विक्रांत तोमर नाम के आरोपी को बुराड़ी से गिरफ्तार किया है। जांचकर्ताओं को संदेह है कि उसने अपने ही बैच की महिला कांस्टेबलों को निशाना बनाया था। उसने खुद को एक आर्थिक रूप से सफल और लग्जरी लाइफ जीने वाले बिजनेस के रूप में पेश करके उनका भरोसा जीता था।
यह धोखाधड़ी तब सामने आई जब करोल बाग पुलिस स्टेशन में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने तोमर पर शादी का झांसा देकर उसके साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। जांच के दौरान पुलिस को एक बड़े मामले का पता चला, जिसमें कई अन्य महिला कांस्टेबल भी शामिल हैं, जिन्हें शायद इसी तरह के तरीके का इस्तेमाल करके निशाना बनाया गया था।
आरोपी ने किस तरह महिलाओं का भरोसा जीता
जांचकर्ताओं के अनुसार तोमर ने इंस्टाग्राम के जरिए महिला कांस्टेबलों से संपर्क किया और खुद को एक अमीर व्यवसायी के रूप में पेश किया। उसने महंगी कारों और लग्जरी लाइफ के वीडियो दिखाए ताकि वह आर्थिक रूप से सफल होने का प्रभाव जमा सके और उनका भरोसा जीत सके।
Delhi scam: 23-yr-old Vikrant Tomar posed as rich businessman on Instagram, defrauded 20 women police constables of ₹24 lakh by promising marriage.
Arrested from Burari; faces 5 FIRs, earlier out on bail. Live-in partner is also a constable from same batch. https://t.co/ZzY5ZLFHnd
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) October 24, 2026
पुलिस को शक है कि महिलाओं के साथ संबंध बनाने और उनसे शादी का वादा करने के बाद वह अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे पैसे मांगता था। इनमें निवेश पर भारी रिटर्न देने का वादा करना भी शामिल था। जांचकर्ताओं को यह भी पता चला है कि तोमर लगभग आठ घंटे के लिए लग्जरी कारें किराए पर लेता था और महिलाओं को बाहर घुमाने ले जाता था। ऐसा करके वह खुद को एक अमीर व्यक्ति के रूप में साबित करने की कोशिश करता था।
जांच में लगभग 20 ऐसी महिला कांस्टेबलों की पहचान हुई है, जो इस ठगी का शिकार हो सकती हैं। हालांकि खबरों के अनुसार जिन महिलाओं को निशाना बनाया गया था, उनमें से कई ने अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
एक और बात जो सामने आई है कि वह यह है कि तोमर का दिल्ली पुलिस की एक महिला कांस्टेबल के साथ ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ था, जो उसी के बैच की थी। जांचकर्ताओं को शक है कि अन्य महिला कांस्टेबलों से संपर्क करने से पहले उसने अपनी पार्टनर के बैचमेट्स के जरिए उनके बारे में जानकारी जुटाई होगी। NDTV ने इस मामले की कवरेज के दौरान इन जानकारियों को रिपोर्ट किया है।
इस मामले के बारे में सामने आ रही जानकारी के अनुसार तोमर के खिलाफ पांच FIR दर्ज हैं और वह पहले भी जमानत पर बाहर आ चुका है। इन आरोपों पर अभी कानूनी प्रक्रिया चल रही है।
‘जेन Z का रिकी बहल’
यह मामला तब चर्चा में आया जब X (ट्विटर) यूजर @gharkekalesh ने इस कथित धोखाधड़ी की जानकारी ऑनलाइन शेयर की। इसमें एक ही पुलिस बैच की लगभग 20 महिलाओं के शामिल होने की बात सामने आई, जिसके बाद लोगों ने इसकी तुलना फिल्म ‘लेडीज वर्सेस रिकी बहल’ के काल्पनिक ठग (कॉनमैन) से करनी शुरू कर दी।
एक यूजर ने लिखा- “भाई तो एकदम असली ‘रिकी बहल’ निकला।” एक अन्य यूजर ने कमेंट किया- “20 महिलाएं, ₹24 लाख। यह डेटिंग नहीं बल्कि एक पूरा ‘ऑपरेशन’ था।” एक तीसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “क्या करूं ओ लेडीज मैं हूं आदत से मजबूर।”
पीड़ित महिलाओं की संख्या और उनके एक ही बैच से जुड़े होने की ओर इशारा करते हुए एक और यूजर ने लिखा, “एक ही बैच की 20 महिलाओं का मामला कोई इत्तेफाक नहीं बल्कि एक पैटर्न है। कोई इनके ग्रुप चैट की जांच करे, क्योंकि ऐसा कैसे हो सकता है कि इनमें से किसी ने भी आपस में अपनी कहानियां शेयर नहीं कीं?” सोशल मीडिया के एक और यूजर ने आरोपी के कारनामों पर हैरानी जताते हुए टिप्पणी की, “इस लड़के का कॉन्फिडेंस लेवल…।

