UP B.Ed JEE Result 2026: उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 का परिणाम घोषित किया गया। इस परीक्षा में अलीगढ़ की वंदना सिंह विज्ञान वर्ग में टॉपर रहीं। टॉपर्स से उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यमंत्री रजनी तिवारी, कुलपतिगण तथा प्रमुख सचिव एवं सचिव द्वारा वीडियो कॉल पर वार्ता कर शुभकामनाएं दी और उनकी भविष्य की योजनाओं को जाना।
वंदना सिंह रहीं टॉपर
प्रथम 10 में स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में 4 पुरुष तथा 6 महिलाएं हैं। जनपद अलीगढ़ की सुश्री वन्दना सिंह (विज्ञान वर्ग) ने प्रदेश में प्रथम, अलीगढ़ के नितिन पचौरी (विज्ञान वर्ग) ने द्वितीय तथा जौनपुर की सुश्री मिश्रा खुशी अजय (विज्ञान वर्ग) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नितिन सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वंदना सिंह ने 400 में से 359.32 अंक हासिल किए। सबसे खास बात यह है कि वंदना ने यह सफलता सेल्फ स्टडी से हासिल की। बीएड के बाद वे शिक्षक बनना चाहती हैं। हालांकि आरक्षित वर्गों के लिए कट-ऑफ थोड़ी कम होती है और सरकारी सीट पक्की करने के लिए टॉप 10,000 राज्य रैंक के भीतर आना सुरक्षित माना जाता है।
कितना रह सकता है कट-ऑफ
सामान्य वर्ग : 230 से 250
ओबीसी : 210 से 220
अनुसूचित जाति : 190 से 200
अनुसूचित जनजाति : 180-200
ईडब्ल्यूएस : 210 से 230
4,44,958 अभ्यर्थी पंजीकृत
बी.एड. प्रवेश परीक्षा में 4,44,958 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 2,72,659 महिलाएं, 1,72,297 पुरुष तथा 2 ट्रांसजेंडर शामिल थे। श्रेणीवार 2,36,272 सामान्य, 1,32,217 अन्य पिछड़ा वर्ग, 72,128 अनुसूचित जाति, 1341 अनुसूचित जनजाति तथा 2448 विकलांग अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 4,00,499 तथा द्वितीय पाली में 4,00,756 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। कुल उपस्थिति लगभग 90 प्रतिशत रही। कासगंज एवं पीलीभीत में सबसे अधिक 95 प्रतिशत तथा गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में सबसे कम 84 प्रतिशत उपस्थिति रही।
परीक्षा के दौरान ओएमआर उत्तर पत्रकों की डबल स्कैनिंग एवं इमेज स्कैनिंग के माध्यम से स्कोरिंग की गई। कुल 4,00,107 अभ्यर्थियों को रैंक जारी की गई, जिनमें 1,53,612 पुरुष, 2,46,494 महिला तथा 01 ट्रांसजेंडर हैं। कला वर्ग के 2,48,452, विज्ञान वर्ग के 1,28,018, वाणिज्य वर्ग के 20,514 एवं कृषि वर्ग के 3771 अभ्यर्थी शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी को राज्य स्तरीय संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 आयोजित कराने का दायित्व सौंपा गया था। विश्वविद्यालय द्वारा दिनांक 31 मई 2026 को दो पालियों में प्रातः 9.00 से 12.00 बजे तक तथा अपराह्न 2.00 से 5.00 बजे तक प्रदेश के 72 जिलों के 1011 परीक्षा केंद्रों पर पूर्ण शुचिता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता के साथ परीक्षा आयोजित कराई गई।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala Jhala
