
सोमालिया में समुद्री डाकुओं द्वारा हाईजैक किए गए एक ईंधन टैंकर को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस दौरान हुई कार्रवाई में 5 क्रू मेंबर्स की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। मृतकों में एक भारतीय नाविक भी शामिल है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। भारतीय नाविक की मौत की पुष्टि केन्या स्थित भारतीय उच्चायोग ने की है। उच्चायोग ने सोशल मीडिया पोस्ट में MT Honour पर सवार भारतीय क्रू सदस्य की मौत पर गहरा दुख जताया।
भारतीय उच्चायोग के मुताबिक, भारतीय नाविक की मौत कथित तौर पर समुद्री डाकुओं के हाथों हुई। यह घटना Puntland Maritime Police Force द्वारा चलाए गए काउंटर-पायरेसी ऑपरेशन के दौरान हुई, जिसमें सोमालिया की सुरक्षा एजेंसियों ने हाईजैक किए गए टैंकर पर दोबारा नियंत्रण हासिल किया।
ALSO READ: Yamaha YE-01 Electric : रेसिंग ट्रैक पर उतरेगी यामाहा की इलेक्ट्रिक बाइक, जानिए क्या है खास
हाईजैक के बाद चलाया गया ऑपरेशन
बताया गया है कि ईंधन टैंकर MT Honour को समुद्री डाकुओं ने अपने कब्जे में ले लिया था। इसके बाद सोमालिया की सुरक्षा एजेंसियों ने जहाज को मुक्त कराने के लिए अभियान शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान क्रू मेंबर्स के साथ हिंसा हुई, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई और एक अन्य घायल हो गया। भारतीय उच्चायोग ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृत भारतीय नाविक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है। घटना के बाद सोमालिया के समुद्री क्षेत्र में सक्रिय समुद्री डकैती और जहाजों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। (प्रतीकात्मक चित्र)


