
Meghalaya BJP : मेघालय में यूडीपी के 12 में से 8 विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं, जिससे विधानसभा में भाजपा की संख्या 2 से बढ़कर 10 हो गई। यूडीपी ने इनमें से 3 विधायकों को निलंबित कर कारण बताओ नोटिस दिया है। यूडीपी और भाजपा दोनों ही फिलहाल एनपीपी के नेतृत्व वाली मेघालय सरकार में सहयोगी हैं।
दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी भाजपा
भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में लहकमन रिंबुई, पियस मारवीन, किर्मेन शायला, मायरेलबार्न सिएम, मैथ्यू कुर्बाह, ओलान सिंह सुइन, बालाजिएड कुफर सिनरेम और सिनशर कुफर रॉय शामिल हैं। इससे पहले 12 सितंबर को UDP के पूर्व विधायक जेमिनो मावथोह भी भाजपा में शामिल हुए थे।
भाजपा हेडक्वार्टर में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू समेत पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में इन विधायकों पार्टी की सदस्यता ली। इसके साथ ही भाजपा विधानसभा में नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।
Welcome to @BJP4India parivar
Eight MLAs from #Meghalaya today joined the BJP at the party headquarters in New Delhi. #JoinBJP pic.twitter.com/teI83SUnCV— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) September 23, 2026
MLA भाजपा में क्यों हुए शामिल?
इस अवसर पर किरेन रिजिजू ने कहा कि इन विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर और मेघालय में हो रही प्रगति को देखते हुए पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है। हम मेघालय विधानसभा के आठ विधायकों का BJP परिवार में स्वागत करते हैं।
गौरतलब है कि राज्य में मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (MDA) की सरकार है। इसमें NPP, UDP और भाजपा तीनों पार्टियां शामिल हैं। इस सियासी उलटफेर के बाद राज्य में यूडीपी विधायकों की संख्या घटकर 4 ही रह गई।


