Stock in News: पिछले महीने लिस्ट हुई ई-कॉमर्स एनेबलमेंट कंपनी शिपरॉकेट के शेयर आज कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में भी मजबूत हुए हैं। जून 2026 तिमाही के धमाकेदार कारोबारी नतीजे से इसे सपोर्ट मिला और शेयर रॉकेट बन गए। इसके शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई, जब शुरुआती कारोबार में ही घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) आधे-आधे फीसदी से अधिक फिसल गए। वहीं दूसरी तरफ शिपरॉकेट के शेयर 6% से अधिक उछल पड़े। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 2.10% की बढ़त के साथ ₹138.65 (Shiprocket Sare Price) पर है। इंट्रा-डे में यह 6.33% उछलकर ₹144.40 तक पहुंच गया था।
Shiprocket के लिए कैसी रही जून तिमाही?
शिपरॉकेट के लिए चालू वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत धमाकेदार रही। जून 2026 तिमाही में कंपनी का घाटा कम हुआ तो रेवेन्यू में बढ़ोतरी आई। कंसालिडेटेड लेवल पर जून तिमाही में सालाना आधार पर कंपनी का नेट लॉस ₹18.03 करोड़ से घटकर ₹13.71 करोड़ पर आ गया तो इस दौरान ऑपरेशंस से रेवेन्यू 33.81% चढ़कर ₹592.09 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो कंपनी का ईबीआईटीडीए लॉस इस दौरान ₹26 करोड़ से ₹21 करोड़ पर आ गया तो एडजस्टेड बेसिस पर यह ₹1 करोड़ से बढ़कर ₹8.9 करोड़ के पॉजिटिव लेवल पर रहा। कंपनी का कहना है कि पूरी तिमाही में इसका एडजस्टेड ईबीआईटीडीए पॉजिटिव बना रहा। कंपनी की एडजस्टेड प्रॉफिटेबिलिटी में यह सुधार ऐसे समय में हुआ, जब कंपनी अपने तेजी से आगे बढ़ रहे नए बिजनेस में लगातार निवेश कर रही थी।
अब तक कैसी रही शिपरॉकेट के शेयरों की चाल
शिपरॉकेट के शेयरों की घरेलू स्टॉक मार्केट में 19 अगस्त को एंट्री हुई थी। ₹1617 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को यह ₹97 के भाव पर जारी हुआ था और आईपीओ को 102 गुना से अधिक बोली मिलने के बाद शेयर 11% प्रीमियम पर लिस्ट हुए। मजबूत लिस्टिंग के बाद अगले ही दिन यह 20 अगस्त 2026 को बीएसई पर ₹156.81 के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंचा था। हालांकि इस हाई लेवल से कुछ ही दिनों में यह 20.92% टूटकर 31 अगस्त 2026 को ₹124.00 के रिकॉर्ड निचला स्तर पर आ गया था।
Shiprocket लगातार घाटे में, लेकिन ₹97 का शेयर ₹131 पर लिस्ट, IPO को मिली थी 102 गुना बोली
Rays of Belief के IPO को 107 गुना बोली, अब ₹239 के शेयरों ने लिस्टिंग पर दिया शॉक
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

