Winter Travel: दिसंबर में क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों के दौरान हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली में पर्यटकों की भीड़ बढ़ जाती है। मनाली जाने वाली सड़क पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। अगर आप भीड़ से दूर पहाड़ों में छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो सैंज और तीर्थन घाटी घूमने जा सकते हैं।
हमारी सहयोगी वेबसाइट सीएनबीसी टीवी 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, सैंज और तीर्थन घाटी कुल्लू के पास हैं। यहां ऊंचे पहाड़, बहती नदियां, हरे-भरे मैदान और छोटे गांव देखने को मिलते हैं। दिसंबर में भी यहां के कई रास्ते खुले रहते हैं। मंडी से कुल्लू जाते समय NH-3 पर ऑट टनल से ठीक पहले लारजी जलाशय की ओर जाने वाला रास्ता मिलता है। यहां से एक रास्ता सैंज नदी के किनारे शांगढ़ और दूसरा बंजार, जिभी और गुशैनी की ओर जाता है। दोनों घाटियों से ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क भी घूम सकते हैं।
दिसंबर में कैसा रहता है मौसम?
सैंज और तीर्थन घाटी की खास बात यह है कि यहां सोलांग और लाहौल के मुकाबले कम ठंड पड़ती है। यहां के ज्यादातर गांव 2,400 मीटर से कम ऊंचाई पर हैं। इसलिए दिसंबर में आमतौर पर यहां की सड़कों पर भारी बर्फ नहीं जमती। इन जगहों की ऊंचाई इस तरह है:
• तीर्थन घाटी का निचला हिस्सा: करीब 1,600 मीटर
• शांगढ़: करीब 2,100 मीटर
• शोजा: करीब 2,300 मीटर
• जलोड़ी दर्रा: करीब 3,120 मीटर
दिसंबर में रात का तापमान 0 से 5 डिग्री तक रह सकता है, जबकि दिन में तापमान 12 से 16 डिग्री के आसपास रहता है। सुबह के समय पाला पड़ सकता है। महीने के बीच या आखिर में ज्यादा बर्फबारी होने पर जलोड़ी दर्रा बंद हो सकता है, लेकिन शोजा तक जाने वाली सड़क अक्सर खुली रहती है।
सैंज घाटी का शांगढ़ अपने बड़े हरे मैदान और सांगचुल महादेव मंदिर के लिए मशहूर है। यहां पुराने पहाड़ी तरीके से बना मंदिर देखने को मिलता है। वहीं, तीर्थन घाटी में बंजार, जिभी और गुशैनी घूम सकते हैं। गुशैनी से पैदल चलकर छोई झरने तक जा सकते हैं। शोजा से पहाड़ों के खूबसूरत नजारे भी देखने को मिलते हैं।
दिल्ली से कैसे पहुंचें?
कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन सड़क बनने के बाद चंडीगढ़ से मंडी पहुंचने में करीब 4 से 4.5 घंटे लगते हैं। वहीं, दिल्ली से ऑट जंक्शन पहुंचने में करीब 10 से 12 घंटे लग सकते हैं। यहां पहुंचने के लिए आप ये रास्ते अपना सकते हैं:
1. बस से: दिल्ली से मनाली जाने वाली वोल्वो बस ऑट जंक्शन पर उतारती हैं।
2. टैक्सी से: ऑट से सैंज, बंजार और गुशैनी जाने के लिए टैक्सी मिल जाती हैं।
3. सरकारी बस से: HRTC की बसों से भी इन इलाकों तक पहुंच सकते हैं।
ठहरने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
सैंज और तीर्थन घाटी में रुकने के लिए होमस्टे, गेस्ट हाउस और कॉटेज मिल जाते हैं। दिसंबर में यहां जाने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
• होटल या होमस्टे में हीटर या लकड़ी से जलने वाली बुखारी की सुविधा जरूर पूछ लें।
• पता कर लें कि ठंड में पानी की पाइप जमने की परेशानी तो नहीं होती।
• सुबह और रात में पहनने के लिए गर्म कपड़े और जैकेट साथ रखें।
• जलोड़ी दर्रे की सड़क और मौसम का हाल पहले ही पता कर लें।
अगर आप दिसंबर में कुल्लू-मनाली की भीड़ से बचकर शांत जगह पर छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो सैंज और तीर्थन घाटी घूमने का प्लान बना सकते हैं।

