
INDvsNZ न्यूजीलैंड की कप्तानी और टीम चयन सीमित ओवर की सीरीज में सवालों के घेरे में रहे हैं। मिचेल सैंटनर को इसका भुगतान भी करना पड़ा है। मेजबान टी-20 सीरीज हार गई है औऱ 7 साल बाद अपने घर पर एकदिवसीय सीरीज हारने के मुहाने पर खड़ी है। हालांकि 2 टेस्ट सीरीज की बात की जाए तो न्यूजीलैंड ने कहीं बेहतर दल घोषित किया है।
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए उस टीम के प्रमुख खिलाड़ियों को बरकरार रखा है जिन्होंने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड को उसकी धरती पर हराया था, हालांकि, डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र और विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल पूरी तरह फिट होने पर ही पहले टेस्ट मैच में खेल पाएंगे।टीम में विल ओ रूर्क की जगह जैकब डफी शामिल है। जो ज्यादातर सीमित ओवर की क्रिकेट खेलते हैं।
वेलिंगटन में 19 नवंबर से शुरू होने वाली इस श्रृंखला में न्यूजीलैंड की 14 सदस्यीय टीम की कप्तानी टॉम लैथम करेंगे। कॉनवे (सिर में चोट), रविंद्र (कंधे में चोट) और ब्लंडेल (जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव) अभी चोटों से उबर रहे हैं लेकिन उनके टेस्ट श्रृंखला तक फिट होने की उम्मीद है।
न्यूजीलैंड की 2024 में भारतीय धरती पर 3-0 की ऐतिहासिक जीत के बाद यह पहला अवसर है जबकि दोनों टीम टेस्ट श्रृंखला में आमने-सामने होंगी।
मुख्य कोच रॉब वाल्टर को गेंदबाजी कोच जैकब ओरम और नव-नियुक्त बल्लेबाजी कोच बीजे वाटलिंग का सहयोग मिलेगा, जो 16 नवंबर से अपना कार्यकाल शुरू करेंगे।
हालांकि दोनों टीमों की निगाहें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल पर रहेंगी। न्यूजीलैंड फिलहाल 72 प्रतिशत के साथ नंबर 1 पर है लेकिन इस सीरीज के बाद उसे 4 मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया जाना है तो वह चाहेगी कि 2 टेस्ट मैचों से अधिकतम अंक ले लिए जाएं। वहीं भारत 51 प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर है और वह एक से ज्यादा मैच नहीं गंवाना चाहेगा।
Test cricket returns! Our Test squad for the Hero Vida Test Series, Powered by Ai+ Nova Smartphone, starting at the Cello Basin Reserve on November 19. https://t.co/begExEGl7m
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) November 10, 2026
न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम: टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डैरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिचेल सैंटनर, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग।

