
कोलकाता से मुंबई जा रही Air India की एक फ्लाइट में बुधवार को हाईजैक की धमकी मिलने से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। विमान में एक संदिग्ध नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ALSO READ: ‘सिग्नल और इमरजेंसी ब्रेक फेल…’ असम में पटरी से उतरी कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई। विमान मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी उसमें सुरक्षा से जुड़ा अलर्ट मिला। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
विमान में मिला हाईजैक की धमकी वाला नोट
रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में एक नोट मिला था, जिसमें कथित तौर पर विमान को हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। नोट मिलने के बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को सामान्य पार्किंग क्षेत्र से हटाकर आइसोलेशन बे में पहुंचाया गया। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और विमान की जांच शुरू कर दी गई। ALSO READ: साल 2020 में कहर बरपाने के बाद फिर आया कोरोना का PJ.2.1 वेरिएंट, कितना खतरनाक है नया कोरोना?
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, SOP के तहत जांच
घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। अधिकारियों ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत जांच शुरू की। विमान में मौजूद संदिग्ध वस्तुओं और धमकी भरे नोट की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की खबर है। हालांकि, नोट किसने रखा था और धमकी के पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि और जांच के नतीजों का इंतजार है।


