Weather Update : भारी बारिश से ओडिशा पानी-पानी, IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

Weather Update : भारी बारिश से ओडिशा पानी-पानी,  IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

cyclonic rain

Weather Update : मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन की वजह से ओडिशा और आंध्रप्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश हो रही है। जल्द ही इसके कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है।
 

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) पिछले 06 घंटों के दौरान 07 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा। आज 24 सितंबर 2026 को सुबह 08:30 बजे IST पर यह उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के पास, लगभग 18.5° उत्तर अक्षांश और 83.5° पूर्व देशांतर के पास केंद्रित था।

यह कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 70 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम, रायगढ़ा (ओडिशा) से 80 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व, कोरापुट (ओडिशा) से 90 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व और जगदलपुर (छत्तीसगढ़) से 170 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में स्थित था।

 

इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और आज 24 सितंबर की शाम के आसपास कमजोर होकर धीरे-धीरे एक ‘डिप्रेशन’ (दबाव) में तब्दील होने की बहुत संभावना है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते रहने और धीरे-धीरे और कमजोर होने की पूरी संभावना है।

 

 

भारी बारिश से ओडिशा पानी-पानी

पिछले 24 घंटे में ओडिशा में कोरापुट के सिमिलगुडा में 230.2 मिमी बारिश हुई। कोरापुट के जेपोरे में 161.6, तटीय आंध प्रदेश के पालसा में 141.4, कोरापुट के बोरीगुम्मा में 138.2 मिमी बरसात हुई। देश में सबसे ज्यादा बारिश वाले इलाकों में 8 में से 6 स्थान ओडिशा के हैं। डीप डिप्रेशन की वजह से हो रही भारी बारिश की वजह से ओडिशा के कम से कम 7 जिलों में स्कूल बंद किए गए हैं। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। आंध्र प्रदेश में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

 

बिहार के पटना में बुधवार को तेज बारिश हुई। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में भी आज भारी बारिश दर्ज की गई। इधर राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ ही भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया। जैसलमेर में पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया।

 

क्या है मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में 23 और 24 सितंबर को, तथा तेलंगाना में 24 और 25 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश और कहीं-कहीं बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।

ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट है तो बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और महाराष्‍ट्र में कई स्थानों पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, असम और मेघालय में येलो अलर्ट है।