
वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच चुनाव आयोग ने 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का आदेश दिया है। इस प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, छूटे हुए नाम शामिल करने और सूची को अपडेट करने का काम किया जाएगा।
चुनाव आयोग के आदेश के मुताबिक, इस पुनरीक्षण के लिए 1 जनवरी 2027 को क्वालिफाइंग डेट निर्धारित किया गया है। इसका मतलब है कि इस तारीख तक 18 साल की उम्र पूरी करने वाले पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
ALSO READ: मुस्कान कैदी नंबर 396, साहिल 395… जेल में बदली पहचान, जानिए जेल में दोनों को क्या काम मिलेगा?
किन 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में होगा SSR?
चुनाव आयोग ने जिन 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का आदेश दिया है, उनमें ये शामिल हैं:
- अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह
- असम
- बिहार
- छत्तीसगढ़
- गोवा
- गुजरात
- केरल
- लक्षद्वीप
- मध्य प्रदेश
- मणिपुर
- पुडुचेरी
- पंजाब
- राजस्थान
- तमिलनाडु
- उत्तर प्रदेश
- उत्तराखंड
- पश्चिम बंगाल
इनमें से उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और गुजरात में 2027 में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में मतदाता सूची का पुनरीक्षण चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
2027 में 18 साल के होने वाले युवाओं को भी मिलेगा मौका
चुनाव आयोग ने नए मतदाताओं के नामांकन के लिए चार क्वालिफाइंग डेट का प्रावधान बताया है। इसके तहत 1 जनवरी 2027 के अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले पात्र युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे।
इस व्यवस्था का उद्देश्य पहली बार मतदान के पात्र बनने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर देना है। आयोग ने इससे पहले 29 सितंबर को भी छूटे हुए और पहली बार मतदाता बनने के पात्र युवाओं के नामांकन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। ध्यान रहे कि आवेदन करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों का पालन करना होगा। आवेदन करने के बाद नाम मतदाता सूची में शामिल हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि करना भी जरूरी है।
जिन राज्यों में SIR चल रहा है, वहां बाद में आएगा कार्यक्रम
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चल रही है या हाल ही में पूरी हुई है, वहां SSR का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।
इनमें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, दिल्ली, ओडिशा, सिक्किम, त्रिपुरा और तेलंगाना शामिल हैं।
हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए क्या है व्यवस्था?
आयोग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अभी SIR शुरू नहीं हुआ है। इन क्षेत्रों में मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम तय किया जाएगा।
मतदाता अपना नाम कैसे जुड़वाएं?
जो युवा निर्धारित तारीखों पर 18 साल के हो रहे हैं और अन्य पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाना चाहते हैं, वे चुनाव आयोग के आधिकारिक मतदाता सेवा पोर्टल Voters’ Services Portal के माध्यम से आवेदन और संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अपने क्षेत्र में लागू कार्यक्रम की जानकारी आधिकारिक चुनाव आयोग की वेबसाइट से जांच लें।


