
अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में मंगलवार को महज 38 गेंद में 113 रन की तूफानी पारी खेली जो उनका इस प्रारूप में चौथा शतक है। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने छह विकेट से जीत दर्ज की। इसके एक दिन बाद वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की नवीनतम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट रैकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए।उन्होंने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन को पछाड़ा।
चोट के कारण पांच मैच की शृंखला के दूसरे और तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में नहीं खेल सके किशन तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। पाकिस्तान के टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान साहिबजादा फरहान दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने लिखा, ‘‘इस पारी की बदौलत बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक ने अपने साथी खिलाड़ी इशान किशन को पीछे छोड़कर टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में फिर से नंबर एक स्थान हासिल कर लिया।’’
अभिषेक के कुल 897 रेटिंग अंक हैं जबकि फरहान 883 अंक के साथ दूसरे और किशन 866 अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं।किशन ने आयरलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद जुलाई में अभिषेक को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया था। इस बीच भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान श्रेयस अय्यर को पांच स्थान का नुकसान हुआ है। वह 758 रेटिंग अंक के साथ दुनिया के नौवें नंबर के बल्लेबाज हैं।
Abhishek Sharma reigns supreme! The latest ICC T20I batting rankings see Abhishek retain the No. 1 spot, with Sahibzada Farhan moving to second and Ishan Kishan dropping two places to third. #AbhishekSharma #TeamIndia #T20I #Sportskeeda https://t.co/xRzGgpBjSP
— Sportskeeda (@Sportskeeda) October 28, 2026
अभिषेक ने की थी विस्फोटक टी-20 शतक की कल्पना और सच हुआ सपना
भारत की जबरदस्त जीत में अपने तूफानी शतक से प्लेयर ऑफ द मैच बने अभिषेक शर्मा ने कहा कि उन्होंने मन में इस पारी की कल्पना की थी और ऐसा ही हुआ।
अभिषेक ने मैच के बाद बड़े शॉट खेलने के बारे में पूछने पर कहा, ”इसकी वजह बहुत सीधी थी। मैं और वैभव सूर्यवंशी अपने खेल का लुत्फ़ उठा रहे थे। फ़ील्डिंग करते समय हमने देखा था कि गेंद में थोड़ा ज़्यादा उछाल मिल रहा है और मैदान का एक तरफ़ का हिस्सा छोटा है, जहां हम टारगेट कर सकते हैं। वैभव ने अच्छी शुरुआत की और हमने वहीं से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। यह इतना आसान नहीं है, लेकिन सब कुछ तैयारी पर निर्भर करता है। इसके लिए हमारे कोचिंग स्टाफ़ और थ्रोडाउन करने वाले गेंदबाज़ों को बहुत श्रेय जाता है। हमारा अभ्यास सत्र अच्छा रहा था और मैं उसका फ़ायदा उठाना चाहता था। मैंने मन में इस पारी की कल्पना की थी और ऐसा ही हुआ।”

