वैभव और तिलक के बिना भारत को भिड़ना पड़ सकता है अफगानिस्तान से

AFGAvsINDA भारत ए के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और कप्तान तिलक वर्मा का खेलना अभी तक पूरी तौर पर पक्का नहीं हुआ है। सोमवार को श्रीलंका से हुए मुकाबले के बाद तिलक वर्मा ने अंपायर से लगातार बहसबाजी की थी वहीं वैभव सूर्यवंशी ने सुपर ओवर खत्म होने के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का दिया था।

श्रीलंका में भारत ए टीम का सफर खासा अच्छा नहीं रहा। टीम ने 3 में से 2 मुकाबले गंवाए हैं। जो पहला मैच श्रीलंका से जीता भी था वह चमत्कारिक था। ऐसे में फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ मैच जीतना ही है लेकिन यह पुख्ता नहीं है कि तिलक वर्मा और  वैभव सूर्यवंशी यह मैच अनुशासनात्मक कार्यवाही के कारण खेल भी पाएंगे या नहीं।

गौरतलब है कि श्रीलंका ए ने त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला के रोमांचक मुकाबले में सोमवार को यहां भारत ए को सुपर ओवर में हरा दिया।श्रीलंका के तेज गेंदबाज़ कुगाथस मथुलन ने दबाव में भी शांत रहकर वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे की खतरनाक भारतीय जोड़ी के खिलाफ सुपर ओवर में 16 रन बचा लिए जिसके बाद माहौल गरमा गया।मैच के रोमांचक अंत के बाद सूर्यवंशी को श्रीलंका के एक खिलाड़ी को धक्का देते हुए भी देखा गया जिससे दोनों के बीच शारीरिक टकराव भी हुआ।

नियमित ओवरों में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान ने अंतिम ओवर में कई स्टीक यॉर्कर डालकर मुकाबले को टाई कराया। अंतिम ओवर में आउट होने वाले सदीरा समरविक्रम (91) ने इससे पहले श्रीलंका को जीत की दहलीज पर पहुंचाया।आईपीएल में गुजरात टाइटन्स की ओर से खेलने वाले अरशद ने अंतिम ओवर में सिर्फ चार रन दिए जबकि मेजबान टीम को जीत के लिए पांच रन की जरूरत थी।

मैच टाई होने के बाद खेल के नतीजे को लेकर उलझन की स्थिति बन गई थी। भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा अंपायरों पर दबाव बना रहे थे कि खेल को सुपर ओवर के जरिए आगे बढ़ाया जाए। काफी सोच-विचार के बाद अंपायरों ने अपना फैसला बदला और मैच को सुपर ओवर में ले जाने का निर्णय लिया।

हालांकि अरशद का सुपर ओवर काफी महंगा साबित हुआ। उन्होंने एक वाइड और एक नो बॉल सहित कुल 16 रन दिए।कुगाथस दबाव में भी शांत रहे और भारतीय जोड़ी को सिर्फ नौ रन पर रोक दिया।