टाटा ग्रुप में बड़ा फेरबदल! नोएल टाटा ने छोड़ा Tata Investment के चेयरमैन का पद, अब बहराम वकील संभालेंगे कमान

Tata Investment Corporation Leadership Change: टाटा ग्रुप की दिग्गज निवेश कंपनी टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के शीर्ष नेतृत्व में बड़ा बदलाव हुआ है। कंपनी ने बुधवार को ऐलान किया कि नोएल एन. टाटा 11 नवंबर 2026 को कारोबारी घंटों की समाप्ति के बाद चेयरमैन और डायरेक्टर के पद से रिटायर हो गए हैं। उनकी जगह अब बहराम वकील 12 नवंबर यानी आज से कंपनी के नए चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि यह फैसला टाटा ग्रुप गवर्नेंस गाइडलाइंस के तहत लिया गया है, जो बोर्ड की संरचना, समितियों और डायरेक्टर्स के रिटायरमेंट के नियमों को तय करती हैं।

नोएल टाटा के 22 साल का शानदार सफर का अंत

नोएल टाटा का टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के साथ दो दशक से ज्यादा का गहरा जुड़ाव रहा है। वह 9 जून 2004 से कंपनी के बोर्ड में शामिल थे और 24 जून 2010 को उन्हें चेयरमैन नियुक्त किया गया था। उनके रिटायरमेंट के साथ ही चेयरमैन के रूप में 16 साल से अधिक और बोर्ड सदस्य के रूप में 22 साल से अधिक के शानदार कार्यकाल का समापन हो गया है।

कंपनी के प्रति उनके अमूल्य योगदान को देखते हुए बोर्ड ने उन्हें 12 नवंबर से ‘चेयरमैन एमेरिटस’ नियुक्त किया है।

कंपनी ने अपने बयान में कहा, ‘उनके नेतृत्व में कंपनी ने कई महत्वपूर्ण मील के पत्थर हासिल किए हैं और शेयरधारकों को निरंतर विकास व बेहतर वैल्यू दी है।’ बोर्ड ने उनके रणनीतिक मार्गदर्शन के लिए आभार भी व्यक्त किया।

बोर्ड में एक और बड़ा बदलाव: अबीजर शब्बीर दीवानजी की एंट्री

नेतृत्व में बदलाव के साथ-साथ कंपनी के बोर्ड में एक और अहम नियुक्ति को मंजूरी दी गई है। कंपनी ने अबीजर शब्बीर दीवानजी को 12 नवंबर से एडिशनल नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर नियुक्त किया है। शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन, उनकी यह नियुक्ति पांच साल के लिए होगी, जो 11 नवंबर 2031 तक प्रभावी रहेगी।

दीवानजी ‘नियोस्ट्रैट एडवाइजर्स एलएलपी’ के संस्थापक हैं। इससे पहले वह दो दशकों तक दिग्गज फर्म KPMG और EY में फाइनेंशियल सर्विसेज प्रैक्टिस का नेतृत्व कर चुके हैं।

आपको बता दें कि ये सभी नियुक्तियां और बदलाव बुधवार को हुई कंपनी की बोर्ड बैठक में मंजूर किए गए।