UP TET City Slip 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 के लिए पंजीकरण कराने वाले उम्मीदवारों के लिए यह जरूरी अपडेट है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) यूपीटीईटी 2026 के लिए ‘एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप’ आज जारी करने वाला है। परीक्षा के लिए पंजीकरण कराने वाले उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप डाउनलोड कर सकेंगे।
बता दें कि परीक्षा शहर पर्ची से परीक्षार्थियों को यह पता चलता है कि उन्हें परीक्षा देने के लिए किस शहर में जाना होगा। समय रहते यह जानकारी मिल जाने से परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए जरूरी यात्रा की तैयारी और ठहरने का प्रबंध करने में आसानी होती है। मगर, उन्हें यह ध्यान रखना चाहिए कि परीक्षा शहर पर्ची एडमिट कार्ड नहीं होती है। एडमिट कार्ड बाद में परीक्षा से दो-चार दिन पहले जारी किया जाता है। एडमिट कार्ड में परीक्षार्थी का नाम और परीक्षा से संबंधित जरूरी जानकारी होती है। इसके बिना उन्हें परीक्षा केंद्र में दाखिल होने की इजाजत नहीं होती है। वहीं, सिटी स्लिप में सिर्फ यह बताया जाता है कि परीक्षा देने उन्हें किस शहर में जाना होगा।
2 से 4 जुलाई के बीच दो शिफ्टों में होगी परीक्षा
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, यूपीटीईटी 2026 की परीक्षा का आयोजन 2 जुलाई से 4 जुलाई 2026 के बीच किया जाएगा। यह परीक्षा ऑफलाइन मोड में दो अलग-अलग शिफ्टों में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट प्राथमिक स्तर के शिक्षकों (कों पेपर 1) के लिए होगी और दूसरी शिफ्ट उच्च प्राथमिक स्तर (पेपर 2) के लिए आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा को पास करने वाले अभ्यर्थियों को राज्य सरकार द्वारा शिक्षक भर्ती के लिए योग्य माना जाता है।
ऐसे डाउनलोड करें अपनी एग्जाम सिटी स्लिप
- सबसे पहले उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर दिख रहे “UPTET 2026 Exam City Slip / Intimation Link” पर क्लिक करें।
- अब आपके सामने एक नया लॉगिन पेज खुलेगा, जहां आपको अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या मोबाइल नंबर और जन्मतिथि (Date of Birth) दर्ज करनी होगी।
- इसके बाद स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरकर ‘सबमिट’ या ‘खोजें’ बटन पर क्लिक करें।
- आपकी UPTET एग्जाम सिटी स्लिप स्क्रीन पर आ जाएगी।
- इसे डाउनलोड कर लें और भविष्य के लिए इसका एक प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
यूपीटीईटी 2026 क्या होगा परीक्षा का पैटर्न
यूपीटीईटी का पेपर ऑफलाइन यानी ओएमआर (OMR) शीट पर लिया जाएगा। इस परीक्षा में कोई निगेटिव मार्किंग नहीं होती है, जो कि उम्मीदवारों के लिए एक बहुत बड़ा प्लस पॉइंट है। पेपर में बाल विकास, भाषा (हिंदी और अंग्रेजी/उर्दू/संस्कृत), गणित और पर्यावरण अध्ययन से जुड़े 150 सवाल पूछे जाएंगे। हर सवाल एक नंबर का होगा और इसे हल करने के लिए आपको पूरे ढाई घंटे (150 मिनट) का समय मिलेगा।

