EPFO Discontinues UAN Activation on Portal: नौकरीपेशा लोगों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की तरफ से एक बहुत बड़ा अपडेट आया है। ईपीएफओ ने अपने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल से यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) को एक्टिवेट करने की सुविधा को पूरी तरह से बंद कर दिया है।
अब ईपीएफओ मेंबर्स को अपना UAN एक्टिवेट करने या नया यूएएन जेनरेट करने के लिए उमंग (UMANG) मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करना होगा। इसके साथ ही अब इस प्रक्रिया के लिए आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य कर दिया गया है। आइए जानते हैं कि ईपीएफओ ने यह बदलाव क्यों किया है और अब आप उमंग ऐप के जरिए अपना यूएएन कैसे एक्टिवेट कर सकते हैं।
क्यों बंद हुई पोर्टल पर यह सुविधा?
ईपीएफओ ने सुरक्षा, विश्वसनीयता और यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए 3 जुलाई को अपने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल को अपग्रेड किया है। इस अपग्रेड के बाद पोर्टल पर एक नोटिस जारी कर साफ कर दिया गया है कि वेबसाइट के जरिए होने वाला यूएएन एक्टिवेशन और डायरेक्ट यूएएन अलॉटमेंट अब बंद कर दिया गया है।
अब सुरक्षा को मजबूत करने और किसी भी तरह के फ्रॉड को रोकने के लिए सरकार ने आधार फेस ऑथेंटिकेशन का रास्ता चुना है, जो सिर्फ उमंग ऐप पर उपलब्ध है।
UMANG App से UAN कैसे एक्टिवेट करें?
ईपीएफओ द्वारा जारी गाइडलाइंस के मुताबिक, अब आपको अपने स्मार्टफोन के जरिए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करना होगा:
- ऐप डाउनलोड और लॉग-इन: सबसे पहले अपने फोन में उमंग ऐप डाउनलोड करें और अपने मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्टर या लॉग-इन करें।
- EPFO सर्विस चुनें: ऐप के होमपेज पर जाकर ‘EPFO Services’ के विकल्प को खोजें और उस पर क्लिक करें।
- फेस ऑथेंटिकेशन विकल्प: इसके बाद आपको ‘UAN Services Through Face Authentication’ का विकल्प चुनना होगा।
- यूएएन एक्टिवेशन: अब ‘UAN Activation’ पर टैप करें।
- डिटेल्स दर्ज करें: यहां अपना 12-डिजिट का UAN नंबर, अपना आधार नंबर और आधार से लिंक मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- सहमति दें: आधार ऑथेंटिकेशन के लिए नियम और शर्तों को स्वीकार करें।
- फेस स्कैन करें: अब स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए अपने फोन के फ्रंट कैमरे से अपना चेहरा स्कैन करें।
- कन्फर्मेशन: वेरिफिकेशन सफल होते ही आपका UAN एक्टिवेट हो जाएगा और आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर इसका कन्फर्मेशन मैसेज आ जाएगा।
इन बातों का रखें ध्यान
इस नए तरीके से यूएएन एक्टिवेट करने से पहले कुछ बातों का खास ख्याल रखें:
- आपका आधार कार्ड एक एक्टिव मोबाइल नंबर से लिंक होना चाहिए।
- आपके आधार की डिटेल्स जैसे- नाम, जन्मतिथि ईपीएफओ के रिकॉर्ड से पूरी तरह मैच होनी चाहिए।
- आपके पास एक ऐसा स्मार्टफोन होना चाहिए जिसका कैमरा और इंटरनेट कनेक्शन ठीक से काम कर रहा हो, ताकि फेस स्कैनिंग में कोई दिक्कत न आए।
अपग्रेड पोर्टल पर अब कौन सी सुविधाएं मिलेंगी?
भले ही पोर्टल से यूएएन एक्टिवेशन की सुविधा हटा दी गई हो, लेकिन वेबसाइट पर कई अन्य जरूरी सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। मेंबर्स अभी भी पोर्टल पर जाकर ‘Know Your UAN’ सेवा का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा, डेथ क्लेम फाइल करने की सुविधा भी वेबसाइट पर चालू रहेगी। साथ ही, अगर कोई अपना यूएएन भूल गया है, तो उसे मोबाइल नंबर और पहचान वेरिफिकेशन के जरिए रिकवर करने की प्रक्रिया को और आसान बना दिया गया है।

