Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी का 10 साल का भाई आशीर्वाद भी क्रिकेट में मचा रहा तबाही, धुंआधार तूफानी शतक ठोक डाला

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बाद अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी इन दिनों सुर्खियों में हैं। आशीर्वाद सूर्यवंशी अपनी बल्लेबाजी से लगातार लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। महज 10 साल के आशीर्वाद सूर्यवंशी लगातार शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। आशीर्वाद ने एक स्थानीय मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 119 गेंदों पर 168 रन की बेहतरीन पारी खेली। अपनी इस तूफानी पारी में उन्होंने 19 चौके और 6 छक्के लगाए। लगातार अच्छे प्रदर्शन के कारण आशीर्वाद को भी भविष्य का प्रतिभाशाली क्रिकेटर माना जा रहा है। वहीं आशीर्वाद की इस पारी के बाद उनके बड़े भाई वैभव सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उन्हें बधाई दी है।

इससे पहले भी लगा चुके हैं शतक

आशीर्वाद सूर्यवंशी हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बेहतरीन पारी की जानकारी शेयर किया। उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत ऋषभ 11 ने समस्तीपुर में खेले गए एक स्थानीय मुकाबले में वैशाली 11 को हराया। इससे पहले भी आशीर्वाद ने समस्तीपुर में आयोजित एक प्रैक्टिस मैच में ताजपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से खेलते हुए 87 गेंदों में 103 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

Screenshot 2026-06-24 212128

पिता ने दी बधाई

आशीर्वाद के पिता संजीव सूर्यवंशी ने कहा कि मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर उनका बेटा आने वाले वर्षों में बड़े स्तर का क्रिकेटर बन सकता है। आशीर्वाद की हालिया सेंचुरी के बाद उनके पिता संजीव ने भी सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा, “मेरे छोटे बेटे आशीर्वाद सूर्यवंशी ने आज प्रैक्टिस मैच में अपना पहला शतक लगाया है। मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि उस पर अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें।” फिलहाल आशीर्वाद बिहार में क्रिकेट की नियमित ट्रेनिंग ले रहे हैं और अपने खेल को निखारने में जुटे हैं।

वैभव को किया गया शामिल

वैभव सूर्यवंशी बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं वहीं आशीर्वाद सूर्यवंशी दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, लेकिन दोनों की खेल शैली में कई समानताएं देखने को मिलती हैं। आशीर्वाद भी अपने बड़े भाई की तरह आक्रामक बल्लेबाजी पसंद करते हैं और मैदान पर तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं। वहीं आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है। चयनकर्ताओं ने उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में शामिल किया है।

Screenshot 2026-06-24 212057

आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम को दो मुकाबले खेलने है, पहला मुकाबला 26 जून को और दूसरा मुकाबला 28 जून को बेलफास्ट में खेला जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया इंग्लैंड का रुख करेगी, जहां दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। युवा बल्लेबाज वैभव के लिए यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का बड़ा मौका माना जा रहा है।