स्वाधीनता आन्दोलन में पली-बढ़ीं भारत रत्न इंदिरा गांधी!

स्वाधीनता आन्दोलन में पली-बढ़ीं भारत रत्न इंदिरा गांधी!

हमारे देश के स्वाधीनता आन्दोलन में उस काल खंड के बच्चों, नौजवानों से लेकर बड़े-बूढ़ों ने अपने-अपने अंदाज में भागीदारी की है। हमारे देश में कई ऐसे परिवार थे, जिनके लगभग सभी वयस्क सदस्य स्वाधीनता आंदोलन में भाग लेने पर देश के कारागृहों में या तो नजरबंद थे या फिर विभिन्न जेलों में अंग्रेजी राज के विरुद्ध स्वाधीनता आन्दोलन में शामिल होने से पूरी तेजस्विता के साथ सजा काट रहे थे। इंदिरा जी के दादा देश के प्रख्यात वकील मोतीलाल नेहरू और दादी श्रीमती स्वरूपरानी नेहरू, पिता जवाहर लाल नेहरू एवं माता श्रीमती कमला नेहरू एक समय आजादी के आंदोलन में जेलों में बंद थे। आजादी आंदोलन में स्वाधीनता सेनानियों का दूसरा घर एक तरह से जेल ही होता था। बालिका इंदिरा नेहरू के माता-पिता और दादा-दादी के साथ ही दो बुआ, श्रीमती विजयलक्ष्मी पंडित और श्रीमती कृष्णा हठी सिंग भी जेल में बंद रहीं।

 

एक समय ऐसा भी था जब पूरा नेहरू परिवार आजादी आंदोलन में जेल में बंद था और बालिका इंदिरा नेहरू छोटी आयु के कारण जेल से बाहर परिवार से दूर अकेले घर में ही थी। पूरा परिवार जेल में और छोटी आयु की किशोरी इंदिरा घर पर, परिवार से दूर रहकर जीवन संघर्ष का व्यवहारिक पाठ पढ़ रही थी। पिता के दायित्व को पंडित जवाहरलाल नेहरू ने नैनी जेल से बेटी इंदिरा को पत्रों के माध्यम से जीवन का पाठ पढ़ाना शुरू किया।

 

‘पिता के पत्र पुत्री के नाम’ से लिखे पत्र भारतीय स्वाधीनता आन्दोलन की जेल यात्रा के दौरान सृजित एक ऐसा पुस्तकीय दस्तावेज है जो संभवतः दुनिया के इतिहास में एक मात्र उदाहरण है। जेल में लंबे समय से बंद पिता ने अपनी एक मात्र बेटी को जेल से भारत एवं दुनिया के बारे में जानकारी निरंतर अपने पत्रों के माध्यम से भेजते रहकर अपनी बेटी के शिक्षण की मज़बूत आधारशिला रखी।

 

पूरे परिवार के जेल में बंद होते हुए भी किशोर वय की इंदिरा नेहरु ने स्वाधीनता आन्दोलन में बच्चों का स्वयं सेवी समूह ‘वानर सेना’ के नाम से संगठन के माध्यम से स्वाधीनता आन्दोलन में भागीदारी सुनिश्चित की। जो भारतीय स्वाधीनता आन्दोलन में बच्चों से लेकर किशोर युवा और बड़े बूढ़ों की भागीदारी और भूमिका का अनोखा एवं स्वर्णिम इतिहास है। अंग्रेजी हुकूमत की निगरानी से बचकर वानर सेना ने स्वाधीनता आन्दोलन के संदेशों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इंदिरा जी ने 1942 की अगस्त क्रांति में अंग्रेजों भारत छोड़ो आन्दोलन में सक्रिय रहकर भूमिका निभाई और इस कारण वे नैनी जेल में बंद भी रहीं।

 

नैनी जेल में ही इंदिरा जी के पिता पंडित जवाहरलाल नेहरू कई वर्षों तक बंद रहे और इसी जेल से नेहरू जी ने अपनी बेटी इंदिरा को बहुत सारे पत्रों के माध्यम से देश, दुनिया और ज़िन्दगी के साथ-साथ मानवीय मूल्यों का जीवंत शिक्षण देकर ऐतिहासिक महत्व की बातें न केवल अपनी बेटी के शिक्षण के लिए बल्कि सारी दुनिया के बच्चों के लिए भी ज्ञान, विज्ञान और दर्शन के अध्ययन हेतु सर्वकालिक अध्ययन सामग्री को पत्रों के माध्यम से सृजित किया।

जेल से रचनात्मक उपहार 

बाल शिक्षा की दृष्टि से स्वाधीनता आन्दोलन के दौरान जेल जीवन में जवाहरलाल नेहरू ने अपनी बेटी को लिखे पत्रों से सर्वथा नवीन शैक्षणिक साधन को समकालीन एवं आने वाले समय के बच्चों को जेल से रचनात्मक उपहार के रूप में दिया। देश के प्रख्यात वकील मोतीलाल नेहरू परिवार की तीन पीढ़ियों के लगभग सारे सदस्य महात्मा गांधी के वैचारिक जादू से प्रेरित होकर देश के स्वाधीनता आन्दोलन के सक्रिय भागीदारी करने वाले स्वाधीनता सेनानी बन गए। मोतीलाल नेहरू का इलाहाबाद स्थित आवास आनंद भवन एक तरह से स्वाधीनता आन्दोलन की गतिविधियों का केंद्र बन गया।

 

19 नवंबर 1917 को जन्मी, पंडित जवाहरलाल नेहरू की इकलौती बेटी इंदिरा नेहरू का जीवन भारतीय लोकजीवन में एक महिला के संघर्ष और निरन्तर सक्रियता से निखर कर सत्ता के शीर्ष तक पहुंचने की अनोखी दास्तान है। पूरा परिवार जेल में और अकेली लड़की जेल से बाहर वर्षों तक माता-पिता, दादा-दादी और अन्य निकटतम परिवारजनों से दूर कैसे मजबूती से स्वाधीनता आंदोलन की संघर्षमयी पाठशाला में पली-बढ़ी? यह एक तरह से ऐतिहासिक शोध का विषय है। 

 

इंदिरा जी की शैक्षिक आधार भूमि आजादी आन्दोलन से गुजरते हुए गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर के शांति निकेतन से निकलकर इंग्लैंड की आक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से जुड़े कॉलेज में हुई। जहां उन्होंने इतिहास, राजनीति और अर्थशास्त्र का अध्ययन किया। हालांकि स्वाधीनता आन्दोलन की हलचलों और अनिश्चित पारिवारिक जीवन एवं अस्वस्थ होने के कारण इंदिरा जी अपनी शैक्षिक उपाधियां हेतु नियमित रूप से पूरा अध्ययन नहीं कर पाईं पर उन्होंने अपने जीवन में अनोखा प्रत्यक्ष अनुभव एवं ज्ञान हासिल किया जो अपने आप में एक अनोखी उपलब्धि की रोमांचक दास्तान है।

गुरुदेव ने दिया प्रियदर्शिनी संबोधन

शांति निकेतन में अध्ययन के दौरान गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने इंदिरा जी को प्रियदर्शिनी का संबोधन दिया। स्वाधीनता आन्दोलन के साथी फिरोज गांधी से विवाह के पश्चात इंदिरा नेहरू, श्रीमती इंदिरा गांधी हो गईं। देश आजाद हुआ और पिता देश के पहले प्रधानमंत्री बने। 1959 में स्वाधीनता आन्दोलन की वानर सेना की सक्रिय कर्ता-धर्ता और आजादी आन्दोलन में स्वावलंबन का प्रतीक चरखा चलाने के अभियान से भी जुड़कर युवा वर्ग को लगातार आन्दोलन से जोड़ने में जुटी रहने वाली इंदिरा गांधी 1959 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनीं।

1964 की सत्ताइस मई को देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का देहावसान हुआ। स्वाधीनता आन्दोलन के सैनिक लालबहादुर शास्त्री देश के दूसरे प्रधानमंत्री बने और इंदिरा गांधी शास्त्री जी के मंत्रिमंडल में भारत की सूचना और प्रसारण मंत्री बनीं। ताशकंद में देश के दूसरे प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के देहावसान के बाद देश के प्रधानमंत्री मंत्री पद हेतु कांग्रेस में सीधे मतदान से चुनाव हुआ।

इस तरह 1966 में मोरारजी देसाई एवं इंदिरा गांधी के मध्य प्रत्यक्ष मतदान से सम्पन्न निर्वाचन में इंदिरा गांधी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा जी ने लोकप्रियता के शिखर को भी देखा और जन असंतोष और विपक्षी दलों के आन्दोलन के फलस्वरूप उभरी आलोचना और असंतोष के कारण सत्ता से बिदाई की पराकाष्ठा भी देखी और दो ढाई सालों में फिर सत्ता के शीर्ष पर वापस आई।

गुट निरपेक्ष आंदोलन की शिल्पकार

दुनिया की राजनीति में गुट निरपेक्ष आंदोलन की शिल्पकार रहीं राजनेता इंदिरा गांधी ने 1971 में पाकिस्तान की राजनीति में मची उथल-पुथल के दौरान उत्पन्न राजनीतिक घटनाक्रम में जो राजनीतिक एवं कूटनीतिक भूमिका निभाई जिसके फलस्वरूप बांग्लादेश का एक नए देश के रूप में दुनिया के नक्शे में उदय हुआ। शेख मुजीबुर रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में पहली सरकार बनी।

इस उपमहाद्वीपीय राजनीतिक घटनाक्रम ने इंदिरा गांधी को एक नया व्यक्तित्व प्रदान किया। देश की राजनीति में इंदिरा जी सर्वमान्य नेता बन गईं और इस तरह देश में लोकप्रियता के शिखर पर जा पहुंची। 1971 में इंदिरा जी को भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्रदान किया गया, इंदिरा जी यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न पाने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।

 

इंदिरा गांधी के सार्वजनिक जीवन में उतार-चढ़ाव का अनोखा सिलसिला निरंतर बना रहा। 1971 की लोकप्रियता के शिखर से तीन चार वर्ष के अंतराल में ही लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में देश में संपूर्ण क्रांति के जन आंदोलन का उदय हुआ। इसी दौरान समाजवादी नेता राजनारायण द्वारा दाखिल चुनाव याचिका में आए उच्च न्यायालय के निर्णय ने इंदिरा जी के लोकसभा निर्वाचन को रद्द कर दिया। इस निर्णय से उत्पन्न घटनाक्रम की परिणति आजाद भारत के पहले आपातकाल लगने में हुई। संविधान प्रदत्त मूल अधिकार निलंबित कर दिए गए।

 

लोकनायक जयप्रकाश नारायण सहित देश भर में सम्पूर्ण क्रान्ति आन्दोलन कर रहे कार्यकर्ता देश भर की जेलों में मीसा के तहत नजरबंद कर दिए गए। इस तरह बड़े पैमाने पर आजाद भारत में देश भर के विपक्षी दलों एवं अन्य राजनीतिक, सामाजिक कार्यकर्ता भारत में लोकतंत्र और मूल अधिकार की रक्षा हेतु भारत की जेलों में अपनी संवैधानिक आजादी की रक्षार्थ 19 माह तक लोकतांत्रिक संघर्ष करते हुए अपनी आहुति देने का मौका पा सके। इसके फलस्वरूप आजाद भारत में एक नई पीढ़ी लोकतंत्र की रक्षार्थ आगे आकर अपनी भूमिका सक्रिय रूप से निभा सकी। 

 

इंदिरा जी जैसी स्वाधीनता आन्दोलन से निकली राजनीतिक शख्सियत को भी अपने राजनीतिक जीवन के शिखर पर पहुंचने के बाद एक ऐसा निर्णय करने को कालक्रम में बाध्य होना पड़ा, जिसने भारत के राजनैतिक इतिहास में किसी सत्तासीन प्रधानमंत्री को नागरिक आजादी और मूल अधिकार को कुचलने का काम करने वाले प्रधानमंत्री के रूप में दर्ज कर दिया। इंदिरा जी तत्कालीन सत्ता की अंधी राजनीति के मोह से बाहर नहीं निकल सकने की संकुचित दृष्टि एवं संविधान विरोधी अलोकतांत्रिक मानसिकता से तात्कालिक रूप में ग्रस्त हो जाने के कारण स्वाधीनता आन्दोलन से निकले लोकतंत्रिक मूल्यों के विपरीत निर्णय करने को बाध्य हुईं।

लोकतांत्रिक सत्ता, मनमानी कार्यशैली और असंवैधानिक निर्णयों की जननी भी बन सकती है और लोककल्याण की मूल भावना को साकार करने का कालजयी जीवंत साधन तो है ही। आपातकाल लगाने का निर्णय एक तरह से इंदिरा जी के समूचे राजनीतिक जीवन में एक विरोधाभासी कहानी कि तरह ही माना जा सकता है।

 

इंदिरा गांधी भारतीय राजनीति की ऐसी अनोखी शख्सियत थीं। जिन्हें अपने लंबे राजनीतिक जीवन में लोगों की बेइंतहा मोहब्बत और नफ़रत दोनों का अनुभव हुआ। पंजाब में ऑपरेशन ब्लू स्टार के घटनाक्रम से उपजे असंतोष की परिणति इंदिरा गांधी के सुरक्षा गार्ड द्वारा प्रधानमंत्री के आवास पर चलाई गई बन्दूक की गोलियों से इंदिरा गांधी के भौतिक जीवन के अंत से हुई।

वर्तमान समय में भारत के इतिहास में इंदिरा गांधी को भारत के लोग एक ऐसी शख्सियत के रूप में याद करते हैं जो कभी भी समस्या, चुनौती एवं संघर्ष से घबराकर पीछे नहीं हटी चाहे जो परिस्थितियां रही हों। इंदिरा गांधी के द्वारा अपने जीवन में देश समाज और समूची दुनिया के सामने जो राजनीतिक चुनौतियां आगे आई उनसे निपटने का रास्ता हम सब यानी देश दुनिया और समर्थकों सहित असहमत लोगों को भी अपने जीवन का बलिदान देकर सिखाया।

 

इंदिरा गांधी भारतीय राजनीति की एक ऐसी हलचल थी जिसे देश और दुनिया ने गौर से देखा और समझा। कोई भी इंदिरा गांधी का वैचारिक समर्थक या इंदिरा जी से विपरीत मत रखने वाला नागरिक हो सकता है पर कोई भी नागरिक, भारतीय स्वाधीनता आंदोलन, आजाद भारत में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका और योगदान को अनदेखा नहीं कर सकता है। यही इंदिरा गांधी के जीवन की सबसे बड़ी बात है कि इंदिरा जी का विरोध एवं समर्थन करने वाली सारी राजनैतिक धाराएं भी इंदिरा जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को अनदेखा नहीं कर पाई।