
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में अपनी जिंदगी से जुड़े कई निजी और भावुक अनुभव शेयर किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में स्तन कैंसर की आशंका के चलते उनका ऑपरेशन हुआ था। इसके करीब एक साल बाद अग्न्याशय (पैंक्रियाज) में भी एक गांठ मिली, जिसके लिए उन्हें दोबारा सर्जरी करानी पड़ी।
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव‘ में अपनी जिंदगी के कई किस्सों को उजागर किया है। बता दें कि उन्हें दो बार कैंसर की आशंका के चलते गंभीर स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। वर्ष 2010 में स्तन कैंसर की आशंका के चलते उनका ऑपरेशन हुआ था और इसके करीब एक साल बाद अग्न्याशय में एक गांठ का पता चला था। उनका यह भी कहना है कि दोनों मौकों पर वह बीमारी के संभावित गंभीर नतीजों को लेकर घबरा गई थीं और उनके मन में कई आशंकाएं थीं।
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है, ”2010 में स्तन कैंसर की आशंका के चलते मुझे ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई थी। सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों पर मुझे पूरा भरोसा था। फिर भी मैं घबरा गई थी और चिंतित थी। मुझे और मेरे बच्चों को बताया गया था कि समय गंवाने की गुंजाइश नहीं है और मेरे मन में संभावित भयावह नतीजे को लेकर तरह-तरह के विचार आने लगे थे।”
इस वजह से विदेश में कराया इलाज : 526 पन्नों की इस आत्मकथा को हार्परकॉलिन्स इंडिया ने प्रकाशित किया है। सोनिया गांधी ने इस किताब में जिक्र किया है कि मीडिया के उनकी प्राइवेसी में दखल देने की आशंका के चलते मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में इलाज कराने का विकल्प छोड़ दिया और मिलान (इटली) के बाहर स्थित ‘यूरोपियन इंस्टिट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी’ में ऑपरेशन कराने का फैसला किया। उन्होंने लिखा, ”मैंने हमेशा अपनी निजी जिंदगी को गोपनीय रखने की कोशिश की थी और अपनी बीमारी के बारे में मीडिया में चर्चा होने का विचार भी मुझे पीड़ादायक लगता था, बल्कि इससे मुझे गुस्सा आता था। यह सही है कि मैं एक सार्वजनिक हस्ती बन गई थी, लेकिन क्या इसका मतलब यह था कि मुझे थोड़ी-सी भी निजता का अधिकार नहीं मिलना चाहिए?”
आत्मकथा के मुताबिक एक वरिष्ठ अधिकारी, राहुल, प्रियंका और उनके पति रॉबर्ट वाद्रा तथा अपनी बहनों नादिया और अनुष्का के साथ सोनिया ने जाने-माने सर्जन डॉ. उम्बर्टो वेरोनेसी की देखरेख में ऑपरेशन कराया। सोनिया ने याद किया कि ऑपरेशन थिएटर ले जाते समय राहुल और प्रियंका ने उनका हाथ थामा और माथे को चूमकर भरोसा दिलाया कि सब ठीक हो जाएगा। उन्होंने लिखा, ”डॉक्टर ने दो ट्यूमर निकाले। इनमें एक ऐसा ट्यूमर भी था जिसमें कैंसर की आशंका नहीं थी, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे भी निकाल दिया गया। उन्होंने ऑपरेशन के दौरान ही रेडिएशन उपचार किया, जिससे मुझे पांच सप्ताह तक रेडियोथेरेपी कराने से राहत मिली।”
एक के बाद फिर दूसरा कैंसर : अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर कम ही बात करने वाली सोनिया ने बताया कि ऑपरेशन के बाद स्वस्थ होने में करीब एक साल लगने के पश्चात नियमित जांच के दौरान उनके अग्न्याशय (पैंक्रियाज) में एक और गांठ का पता चला। उन्होंने लिखा, ”यह मेरे और बच्चों के लिए सदमे जैसा था। हमने तुरंत सोचा कि कहीं पहले वाली बीमारी फिर से तो नहीं उभर आई है। कई डॉक्टरों से इलाज कराया उसके बाद डॉक्टरों को लगा कि मुझे तत्काल ऑपरेशन की जरूरत है। शुरुआत में ट्यूमर के न्यूरोएंडोक्राइन होने की आशंका जताई गई थी। इसका मतलब था कि ऑपरेशन लंबा चलेगा और अस्पताल में भी काफी समय तक रहना पड़ सकता है।” इस बार उन्हें रॉटरडैम (नीदरलैंड) स्थित इरास्मस यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर भेजा गया, जहां अग्न्याशय के जाने-माने सर्जन डॉ.कैस्पर वान आइक ने उनका इलाज किया।
सोनिया गांधी लिखा, ”सबके आश्वासन के बावजूद मैं ऑपरेशन को लेकर बेचैन और चिंतित थी, क्योंकि बीमारी की वास्तविक स्थिति का पता ऑपरेशन के बाद ही चल सकता था। मेरा मन सबसे बुरे नतीजे के बारे में सोचने लगा था। अगर यह कैंसर का फैला हुआ ट्यूमर निकला तो क्या होगा? क्या मैं इससे उबर पाऊंगी?” वह बिना किसी को बताए ऑपरेशन के लिए रवाना हुईं। इसकी जानकारी केवल तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कुछ वरिष्ठ सहयोगियों को थी। ऑपरेशन के बाद डॉ. वान आइक ने उन्हें बताया कि ”मैं भाग्यशाली थी कि ट्यूमर कैंसर-पूर्व की शुरुआती अवस्था में था और समय रहते उसका पता चल गया था।”
इसके कुछ साल बाद अगस्त, 2016 में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विधानसभा चुनाव की एक रैली के दौरान उन्हें एक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने लिखा, ”सड़क के दोनों ओर उत्साहित भीड़ जमा थी, जो कांग्रेस के समर्थन में नारे लगा रही थी। लेकिन काफिला पांच घंटे तक चलता रहा और लगातार बढ़ती थकान मुझ पर हावी हो गई। मैं बेहोश होकर गिर पड़ी और मुझे विमान से दिल्ली लाया गया।” होश आने और फिर बेहोश होने के बीच ”मैंने राजीव को देखा, जो मेरी ओर हाथ बढ़ा रहे थे और आश्वस्त करने वाली मुस्कान के साथ मुझे देख रहे थे, मानो कह रहे हों कि सब ठीक हो जाएगा।” सोनिया गांधी ने याद किया, ”शीला दीक्षित पूरे समय मेरे पास थीं। उन्होंने बाद में मुझे बताया कि विमान के सफर के दौरान अचानक मेरे चेहरे पर मुस्कान आ गई थी। मुझे यकीन है कि वह वही क्षण रहा होगा। लेकिन गिरने से मेरे कंधे में गंभीर चोट आई थी और एक बार फिर ऑपरेशन कराना पड़ा।” हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न पड़ावों का वर्णन है। इसमें युद्ध के बाद के इटली में उनका बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में उनका विवाह, उनके पति राजीव गांधी की हत्या और राजनीति में उनके प्रवेश का जिक्र है।


