विदेशी निवेशकों की भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी, नवंबर में किए 54000 करोड़ रुपये इनवेस्ट

विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी की है। नवंबर के पहले नौ दिनों में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में 53,739 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया। डिपॉजिटरी यह निवेश 2 से 9 नवंबर के बीच हुए छह कारोबारी सत्रों में आया है। इससे पहले विदेशी निवेशकों ने सितंबर और अक्तूबर में भारतीय बाजार में बिकवाली की थी।

एआई कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का असर

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने अक्टूबर में भारतीय शेयर बाजार में 34,843 करोड़ रुपये और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी। नवंबर में विदेशी निवेशकों के रुख में आए इस बदलाव के पीछे ग्लोबल बाजारों में AI से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का बड़ा हाथ है। इधर, भारत में कंपनियों की अर्निंग्स ग्रोथ बढ़ने से भी विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है।

अमेरिका, दक्षिण कोरिया, ताइवान में एआई शेयर फिसले

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, विदेशी निवेशकों के रुख में अचानक आए बदलाव की वजह अमेरिका और दक्षिण कोरिया, ताइवान तथा जापान जैसे AI से जुड़े बाजारों में आई गिरावट है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में डेटा सेंटर पर होने वाले खर्च को लेकर आशंकाओं ने AI शेयरों में बिकवाली को बढ़ावा दिया है।

अमेरिका में एआई में निवेश पर पड़ सकता है असर 

उन्होंने कहा कि अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में जीत हासिल करने वाले डेमोक्रेट्स डेटा सेंटर पर बिना किसी नियंत्रण के होने वाले खर्च के खिलाफ हैं। वे AI के लिए नियामकीय सुरक्षा उपायों और जवाबदेही की मांग कर सकते हैं। AI से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में इस बिकवाली का फायदा भारतीय बाजार को मिला है।

भारतीय बाजार विदेशी निवेशकों को लग रहे अट्रैक्टिव

भारतीय बाजार में AI कंपनियां नहीं हैं। ऐसे में वैश्विक AI शेयरों में गिरावट के बीच विदेशी निवेशकों के लिए भारतीय शेयर आकर्षक विकल्प बनकर उभरे हैं। विदेशी निवेशकों को भारतीय बाजार में आगे अच्छी कमाई के मौके दिख रहे हैं। नवंबर में उनकी लगातार खरीदारी से भारतीय शेयर बाजारों में जबर्दस्त रिकवरी आई है। हालांकि, 2026 में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में बड़ी बिकवाली की है।

यह भी पढ़ें: कल 11 नवंबर को शेयर बाजार में आ सकती है तूफानी तेजी, Gift Nifty दे रहा संकेत

2026 में विदेशी निवेशकों ने 2.41 लाख करोड़ की शुद्ध बिकवाली की है

डिपॉजिटरी के आंकड़ों के मुताबिक, 2026 में अब तक भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की कुल शुद्ध बिकवाली 2.41 लाख करोड़ रुपये की रही है। नवंबर में हुई खरीदारी के बावजूद इस साल का कुल निवेश अभी भी निगेटिव बना हुआ है। नवंबर के शुरुआती कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशकों ने खासतौर पर इंडेक्स में ज्यादा वेटेज रखने वाले सेक्टरों में खरीदारी की। इनमें फाइनेंशियल सर्विसेज, IT, ऑटोमोबाइल और टेलीकॉम प्रमुख रहे।