बुल्गारिया में कोहरे के चलते 86 गाड़ियां टकराईं, 12 मौतें:46 घायल, हादसे के बाद हाईवे बंद किया; राष्ट्रपति पेरिस में कार्यक्रम छोड़कर देश लौटीं

बुल्गारिया में मंगलवार को घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजधानी सोफिया को काला सागर के बंदरगाह शहर बर्गास से जोड़ने वाले हाईवे पर 86 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 46 घायल हुए हैं। हाईवे को दोनों तरफ से बंद कर दिया गया। हादसे के कारण बुल्गारिया की राष्ट्रपति इलियाना योतोवा ने भी अपना विदेश दौरा बीच में छोड़ दिया। वह पेरिस पीस फोरम में शामिल होने के लिए पेरिस गई थीं लेकिन हादसे की खबर मिलने के बाद उन्होंने कार्यक्रम छोड़कर बुल्गारिया लौटने का फैसला किया। हादसे के बाद की 6 तस्वीरें पहले हादसे के बाद दूसरी लेन में भी टकराईं गाड़ियां अधिकारियों के मुताबिक पहला हादसा हाईवे की पूर्व दिशा में जाने वाली लेन पर हुआ। घना कोहरा होने के कारण ड्राइवरों को आगे चल रही गाड़ियां दिखाई नहीं दीं और कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। पहले हादसे के कुछ देर बाद हाईवे की दूसरी लेन पर भी गाड़ियां टकरा गईं। यह लेन राजधानी सोफिया की तरफ जाती है। यहां भी कोहरे के कारण ड्राइवरों को सड़क साफ दिखाई नहीं दे रही थी। इसके अलावा, दूसरी तरफ हुए हादसे को देखने के चक्कर में कुछ ड्राइवरों का ध्यान सड़क से हट गया और वे भी हादसे का शिकार हो गए। अधिकारियों का कहना है कि गाड़ियों की तेज रफ्तार ने भी हादसे का खतरा बढ़ा दिया था। फिलहाल हाईवे बंद कर दिया गया। क्षतिग्रस्त गाड़ियां और मलबा हटाने के बाद ही इसे दोबारा खोला जाएगा। फंसे लोगों को निकालने के लिए बैरियर काटने पड़े याम्बोल क्षेत्र के गवर्नर जॉर्जी चालाकोव ने बताया कि हादसे के बाद कई लोग गाड़ियों में फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव टीमों को सड़क के किनारे लगे बैरियर के कुछ हिस्से काटने पड़े। घना कोहरा होने के कारण घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टर भी नहीं बुलाए जा सके। हादसे के दौरान एक गाड़ी में आग लग गई थी। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अपनी जान की परवाह किए बिना गाड़ी में फंसे एक शख्स को बाहर निकाला। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन भी मंगलवार को बुल्गारिया के दौरे पर थीं। हादसे के बाद प्रधानमंत्री रुमेन रादेव उनसे मुलाकात छोड़कर घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। ———————————- यह खबर भी पढ़ें… चीनी व्लॉगर्स ने ढाका की झुग्गी-बस्ती को दिल्ली का बताया: भारत ने नाराजगी जताई, कहा- झूठी बातें फैलाने से कोई विश्वास नहीं करेगा बांग्लादेश में कुछ चीनी व्लॉगर्स ढाका की झुग्गी-बस्तियों में जाकर वीडियो बना रहे थे। आरोप है कि वे इन इलाकों को भारत की राजधानी दिल्ली बताकर चीनी सोशल मीडिया पर लाइव दिखाते थे। पूरी खबर पढ़ें…