समस्तीपुर में भी जमुई जैसा हादसा, फोटो लेने रुकी लड़की के साथ मनचलों ने की बदसलूकी

समस्तीपुर में भी जमुई जैसा हादसा, फोटो लेने रुकी लड़की के साथ मनचलों ने की बदसलूकी

samastipur crime news

जमुई में एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि समस्तीपुर से भी एक युवती के साथ सरेराह अभद्रता का एक वीडियो सामने आ गया। समस्तीपुर के जगतसिंहपुर गांव में स्थित बांध बाईपास रोड पर फोटो लेने रुकी एक युवती को कुछ युवकों ने घेर लिया। आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद बिहार में बेटियों की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। ALSO READ: जमुई में छात्रा से बदसलूकी पर भड़के राहुल गांधी, कहा- अंधभक्त ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं

 

मीडिया खबरों के अनुसार, यह घटना 15 सितंबर को उस समय हु्ई जब एक नाबालिग लड़का और लड़की बाइक से बांध पर पहुंचे थे और वहां बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ मनचले युवकों ने उन्हें घेर लिया। लड़के के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद वह वहां से भाग गया।

 

वीडियो सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस सक्रिय हुई और जगतसिंहपुर गांव निवासी चार युवकों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए भी पुलिसिया छानबीन जारी है।

 

बेटियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, क्या कहीं भी हमारी बेटियां सुरक्षित हैं? आज बिहार में सबसे बड़ा सवाल है बेटियों और मां-बहनों की सुरक्षा। आज बिहार में युवा सभी नशीले पदार्थों का सेवन कर चुके हैं। क्या बिहार से इन नशीले पदार्थों का खात्मा होगा? हालात अच्छे नहीं है।

 

जनसुराज संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष सीए अनूप मैथिल ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, पहले जमुई अब समस्तीपुर, ये कैसा बिहार बना रही है भाजपा जहां रोज बिहार की बेटियों की जिंदगी बर्बाद की जा रही है? बिहार में महाजंगल राज है। ALSO READ: जमुई छेड़छाड़ केस, एनकाउंटर में मुख्य आरोपी और साथी को लगी गोली, दोनों अस्पताल में भर्ती

 

क्या बोली सांसद शांभवी चौधरी?

लोकसभा सांसद शांभवी चौधरी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम में हमारी एक बहन के साथ हुई बदसलूकी की घटना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें कल देर रात इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद से ही हम लगातार पुलिस अधीक्षक एवं प्रशासन के संपर्क में हैं और मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए बात की। वीडियो के आधार पर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हमारी बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो, इसके लिए हम प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं।

 

चौधरी ने कहा कि सभी से विनम्र अनुरोध है कि घटना से संबंधित वीडियो को बच्ची के चेहरे अथवा पहचान के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। उसकी पहचान और गरिमा की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस भी लगातार इस दिशा में काम कर रही है कि बच्ची की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रहे। समस्तीपुर की हर बेटी का सम्मान, सुरक्षा और गरिमा हमारी जिम्मेदारी है।