राहुल गांधी ने पूरा किया वादा, आंखों के इलाज के लिए जीतू पटवारी ने डॉक्टर से की बात, प्रियंका ने बताई थी तकलीफ

राहुल गांधी ने पूरा किया वादा, आंखों के इलाज के लिए जीतू पटवारी ने डॉक्टर से की बात, प्रियंका ने बताई थी तकलीफ

Rahul Gandhi

बड़वानी की छात्रा प्रियंका सेगर की आंखों के इलाज के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में एक डॉक्‍टर से चर्चा कर इलाज का आश्‍वासन दिया है। बता दें कि बड़वानी की छात्रा प्रियंका सेगर की एक आंख में तकलीफ है, जिससे वो देख नहीं सकती। इंदौर में आयोजित छात्रों की गूंज आयोजन में प्रियंका ने राहुल को अपनी आंख की तकलीफ बताई थी।

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रियंका ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। बता दें कि बचपन में आंख में चूना जाने से रोशनी गंवा चुकी प्रियंका की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। राहुल गांधी ने उन्हें बेहतर इलाज का भरोसा दिया था।

इंदौर में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बड़वानी जिले की सेंधवा तहसील के पाड़छा गांव से आई छात्रा प्रियंका सेगर की मुलाकात कांग्रेस नेता राहुल गांधी से हुई थी। इस मुलाकात के दौरान प्रियंका ने अपनी जिंदगी के सबसे बड़े दर्द और संघर्ष की कहानी बयां की। प्रियंका की आंख की गंभीर समस्या को सुनने के बाद राहुल गांधी ने उन्हें हरसंभव मदद और बेहतर इलाज कराने का भरोसा दिया था, जिससे इस होनहार छात्रा के जीवन में उम्मीद की एक नई किरण जगी है।

एक घटना ने छीन ली थी रोशनी : प्रियंका सेगर ने बताया था कि जब वो 3 साल की थी, तब घर में इस्तेमाल होने वाला खाने का चूना उनकी आंख में चला गया था। इस घटना में उनकी आंख में गंभीर परेशानी शुरू हो गई और धीरे-धीरे उनकी आंख की रोशनी भी प्रभावित होती चली गई। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण उनके माता-पिता किसी बड़े अस्पताल या विशेषज्ञ डॉक्टर से उनका महंगा इलाज नहीं करा सके। समय के साथ यह समस्या और गंभीर होती गई, लेकिन गरीबी उनके सपनों के आड़े आती रही।

राहुल से मुलाकात के बाद जागी उम्‍मीद : प्रियंका ने बताया कि राहुल गांधी ने उनसे बड़े प्यार से आंख की समस्या के बारे में जानकारी ली और पूछा कि क्या उन्होंने किसी अच्छे अस्पताल में दिखाया है। जब प्रियंका ने अपनी गरीबी और लाचारी का जिक्र किया, तो राहुल गांधी ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे चिंता न करें, उनकी आंखों का इलाज जरूर करवाया जाएगा। इस मुलाकात के ठीक अगले दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी प्रियंका से मुलाकात की। जीतू पटवारी ने इंदौर के एक नामी डॉक्टर से फोन पर सीधे बात की और प्रियंका की जांच व इलाज के लिए पूरी व्यवस्था करने को कहा। इलाज का सारा खर्च उठाने का भरोसा मिलने के बाद अब प्रियंका की आगे की जिंदगी को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। प्रियंका ने बताया कि उन्होंने पहली से 12वीं तक सरकारी छात्रावास (हॉस्टल) में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी की है, लेकिन 12वीं के बाद हॉस्टल की सुविधा न मिलने के कारण उन्हें अब किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं के लिए सरकारी छात्रावासों की संख्या बढ़ाने की मांग की।