प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने हासिल कीं अभूतपूर्व उपलब्धियां: सीएम डॉ. मोहन यादव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने हासिल कीं अभूतपूर्व उपलब्धियां: सीएम डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने सेवा-संकल्प अभियान को लेकर पूरी तैयारियां कर ली हैं। सेवा-संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन पर शुरू किया जा रहा है। यह अभियान करीब एक महीने तक चलेगा। इसे लेकर हर जिले और गांव-गांव में व्यवस्थाएं की गई हैं। 

 

सेवा संकल्प अभियान को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के साथ ही देशभर में “सेवा  संकल्प अभियान” की शुरुआत हो रही है। 25 वर्ष पूर्व गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री मोदी में शपथ लेकर जनसेवा का संकल्प लिया था, उनके कुशल नेतृत्व में गुजरात राज्य ने विकास के नए प्रतिमान गढ़े हैं। इसी कड़ी में विगत 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 सितंबर को अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश में दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे। साथ ही 50 लाख से अधिक ग्रामीणजनों को भूमि पट्टों की शासकीय स्तर पर निःशुल्क रजिस्ट्री कराई जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन के स्वागत के लिए सभी कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सत्ता के नहीं, बल्कि निरंतर सेवा और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष हैं। मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक उन्होंने जनसेवा को अपना संकल्प बनाया। प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस हम सब के लिए विशेष उत्सव है। सेवा-संकल्प अभियान के शुभारंभ आर्शीवाद का दिया से करना अभिनव पहल है। यह दीपक हम सब के मन की प्रसन्नता के प्रकटीकरण का प्रतीक बनेगा। हर गांव और वार्ड में दीपावली जैसा उत्सव आयोजित किया जाएं। संपूर्ण प्रदेश में शासन-प्रशासन, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि, परस्पर समन्वय से पूर्ण भव्यता और उल्लास के साथ सेवा-संकल्प अभियान में भागीदारी करें। 

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रदेश को दी गई बड़ी सौगातों के संबंध में आमजन को अवगत कराया जाए। आर्शीवाद का दीया कार्यक्रम के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की देश-दुनिया की उपलब्धियों पर चर्चा भी अवश्य की जाए। प्रधानमंत्री मोदी को मध्यप्रदेश को कई सौगातें प्रदान की हैं। मेट्रो ट्रेन, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, प्रधानमंत्री आवास, हर घर में नल से जल, किसान कल्याण जैसी कई सौगातें हैं, जिनसे आम आदमी का जीवन बदला है। जिस व्यक्ति ने हमें दिया ही दिया है, उनके आभार स्वरूप एक दीया प्रज्जवलित करना हम सबका कर्तव्य है। महिला स्व-सहायता समूह, लाड़ली बहना, किसान, पशुपालक, मछुआ, युवा एवं विद्यार्थी तथा स्वामित्व योजना के हितग्राहियों को इस गतिविधि से जोड़ा जाए।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सेवा-संकल्प अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है, इस अवधि में प्रदेशवासियों को और भी सुविधाएं मिलेंगी। भूमि स्वामियों के पक्ष में नि:शुल्क रजिस्ट्री प्रक्रिया आरंभ होगी। अभियान के दौरान ही प्रदेश में 50 लाख रजिस्ट्रियां की जाएंगी। अभियान की अवधि में ही 25 सितम्बर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर सुगम यात्री बसों का संचालन भी प्रदेश में आरंभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियान में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि परस्पर समन्वय से मध्यप्रदेश अभियान के संचालन में देश में अपनी विशेष छाप छोड़ेगा।