सरदार पटेल की जयंती पर गुजरात के एकता नगर में आज एकता परेड का आयोजन हुआ। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों को देश की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई। गुजरात के एकता नगर में शनिवार को सरदार पटेल की जयंती पर एकता परेड का आयोजन किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी एकता परेड में मौजूद रहे और उन्होंने एकता परेड की सलामी ली। एकता परेड में एंटी-नक्सल अभियान से जुड़े सुरक्षाबलों, डॉग स्क्वाड और 5 हजार से अधिक कलाकारों ने हिस्सा लिया। इस दौरान, पीएम मोदी ने सभी को देश की सुरक्षा के लिए सजग रहने का संकल्प भी दिलाया।
पीएम मोदी ने कहा, ‘आज भारत पहले से अधिक सुरक्षित है। आज भारत अधिक संकल्पित है और इसका एक बड़ा कारण देशवासियों के बढ़ा हुआ आत्मविश्वास है। ये आत्मविश्वास सिद्धियों से आता है, सरकार और व्यवस्था की संवेदनशीलता से आता है। आज ऐसी ही एक बड़ी राष्ट्रीय सिद्धि की चर्चा में जरूर करना चाहता हूं। भारत में गरीबी हटाने की बातें आजादी के बाद से ही चली आ रही है। गरीबी हटाने के नाम पर वोट मांगे गए। लेकिन देश में गरीबी की क्या स्थिति रही, ये हम सभी जानते हैं। जिन्होंने गरीबी हटाओ के नारे लगाए, वो खुद अमीर होते चले गए।’
बीते महीनों में हमने दुनिया को ऊर्जा संकट से जूझते हुए देखा है। कई देशों में तो पेट्रोल-डीजल की खरीद पर लिमिट तक लगा दी गई थी। भारत के लिए भी कहा जा रहा था कि यहां इतनी ज्यादा आबादी है, पेट्रोलियम का उत्पादन भी यहां नहीं होता, इसलिए सबसे बड़ा संकट भारत के सामने खड़ा होगा। इन्हीं आशंकाओं के बीच भारत विरोधी ताकतें भी सक्रिय हो गई थी। लेकिन, ये भारत का सामर्थ्य है कि हमने इस वैश्विक ऊर्जा संकट की चोट अपने नागरिकों पर नहीं पड़ने दी।
ये देश की कूटनीतिक और रणनीतिक सफलता तो है ही, इसमें हमारे देशवासियों की एकता और एकजुटता की भी उतनी ही बड़ी भूमिका है। क्योंकि, जब देश बाहरी चुनौतियों के समाधान तलाश रहा था, उस समय देश के भीतर भी कुछ ताकतें झूठ और अफवाह फैलाकर अस्थिरता पैदा करने में जुट गई थी। लेकिन देशवासी राष्ट्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे। यही इस देश की सबसे ताकत है, यही हमारे हौसले का सबसे बड़ा आधार है!
संविधान को तार-तार करने में लगे विपक्षी : प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि सरदार पटेल और बाबा साहेब अंबेडकर जैसी महान विभूतियों ने जब देश के संविधान का निर्माण किया था, तो उन्होंने सत्ता पक्ष और विरोधी पक्ष की व्यवस्था बनाई। इस व्यवस्था का महत्व भी समझाया। लोकतंत्र में विरोधी पक्ष का दायित्व सरकार की नीतियों का विरोध करना है। लेकिन ये हमारा दुर्भाग्य है कि इस समय देश में विरोधी पक्ष अपना कर्तव्य त्यागकर, विरोध की बजाय अवरोध पक्ष बन चुका है। अपनी हताशा और निराशा में ये लोग देश के विकास के सामने अवरोध खड़े कर रहे हैं। ये विरोध नहीं है, ये अवरोध है। इन्होंने इसी को अपनी राजनीति बना लिया है। ये लोग संविधान की मर्यादाओं को तार-तार करने में लगे हैं।
PM मोदी ने दिलाई देश की सुरक्षा की शपथ: मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं जिसे सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुरक्षित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूं। भारत माता की जय!
400 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात : सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आज शनिवार को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में राष्ट्रीय एकता दिवस की भव्य रूप से मनाही की जा रही है। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे पर पहुंचे हैं। उन्होंने दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की और साथ ही राज्य को 400 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी है।


