PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर UP में दीपोत्सव जैसा माहौल, सीतापुर में मोदी-योगी की आकृति तो मेरठ में ‘आशीर्वाद का दीया’ बना आकर्षण

PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर UP में दीपोत्सव जैसा माहौल, सीतापुर में मोदी-योगी की आकृति तो मेरठ में 'आशीर्वाद का दीया' बना आकर्षण

depostasv

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर देशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान शुरू हुआ है, मेरठ ने भी भव्य आयोजन में अपनी अहम भूमिका निभाई है। शहर के ऐतिहासिक सूरजकुंड पार्क में हजारों दीपों की रोशनी का मनोहारी दृश्य देखकर लोग प्रफुल्लित हो गए, 51 हजार दीये एक साथ रोशन के चलते पार्क का पूरा परिसर दीपोत्सव की तरह जगमगा उठा।

इसी तरह शहीद स्मारक, मेजर ध्यानचंद यूनिवर्सिटी, नगरपालिका, पंचायत, सरकारी कार्यालय और योजनाओं के लाभार्थियों के घर समेत मुख्य चौराहों पर दीपो की रोशनी देखकर लगा मानो दीपावली आ गई है। शाम होते-होते सूरजकुंड पार्क में लोगों की भीड़ जुटने लगी। जनप्रतिनिधियों, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों, नगरनिगम के अधिकारियों और आम नागरिकों ने हाथों में दीप लेकर कार्यक्रम में सहभागिता की। दीपों की कतारें जैसे-जैसे रोशन होती गईं, पूरे पार्क का दृश्य बेहद आकर्षक हो गया। चारों ओर टिमटिमाते दीपकों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। 

 

अधिकारियों और आमजन ने लिया हिस्सा

 

कार्यक्रम में मंडल एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कमिश्नर, मेयर, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। डीएम डा. वी के सिंह ने कहाकि स्कूली बच्चों, सामाजिक संस्थाओं और मेरठ के आमजनों ने उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई है। वही एस एस पी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि इस आयोजन की भव्यता देखते ही बनती है, बड़ी संख्या में लोग आयें है, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं।

 

आम लोगों में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने दीप जलाए और इस आयोजन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। सूरजकुंड पार्क में जब हजारों दीप एक साथ प्रज्वलित हुए तो वहां का नजारा देखते ही बन रहा था। वहीं इस अवसर पर कत्थक की लाइव प्रस्तुति देखकर आमजन अभिभूत नजर आयें।

शहर के दूसरे प्रमुख स्थान भी रोशनी से हुए जगमग

 

‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान का प्रभाव केवल सूरजकुंड पार्क तक सीमित नहीं रहा। शहीद स्मारक, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, बेगमपुल चौराहा, सरकारी कार्यालय, नगरनिगम दफ्तर, जिलापंचायत, नगरपालिका, शहर के विभिन्न चौराहे और योजनाओं के लाभार्थियों ने  भी दीप प्रज्वलित किए गए। अभियान के तहत घरों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाने की अपील की गई थी। देशभर में 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान किया गया था।

 

मेरठ में इस आयोजन को लेकर पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक में कार्यक्रम को जिला मुख्यालय के साथ-साथ तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक विस्तार देने के निर्देश दिए गए थे।

 

एक महीने चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

 

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा बताया गया है। मेरठ में इस अभियान को करीब एक महीने तक चलाने की तैयारी की गई है। स्थानीय स्तर पर अभियान के जरिए सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और केंद्र सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की योजना है।

 

भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रमों के अनुसार, इस अभियान में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों के आयोजन पर जोर दिया जा रहा है।

 

दीपों की रोशनी में दिखा उत्सव का रंग

 

सूरजकुंड पार्क में जब एक साथ हजारों दीप प्रज्वलित हुए तो पूरा परिसर सुनहरी रोशनी में नहा उठा। पार्क की हर दिशा में दीपों की कतारें दिखाई दे रही थीं। लोगों के हाथों में जगमगाते दीप और चारों ओर रोशनी का दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो मेरठ में दीपोत्सव का आयोजन हो रहा हो।

 

‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के जरिए प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रकट करने की पहल की गई है। देश के विभिन्न हिस्सों में भी इस अवसर पर दीप प्रज्वलन के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

सीतापुर में 51 हजार दीयों से सजा जीआईसी मैदान, पीएम मोदी और सीएम योगी की आकृति ने खींचा ध्यान

 

सीतापुर जिले में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सीतापुर में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। जीआईसी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 51 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। हजारों दीयों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और माहौल उत्सवमय हो गया।

 

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि दीपों को विशेष रूप से सजाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आकृति तैयार की गई। रोशनी से बनी इन आकृतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

 

इस ऐतिहासिक आयोजन में मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और अपने हाथों से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। पुलिस के जवानों ने भी दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान कारागार मंत्री सुरेश राही भी मौजूद रहे। हजारों दीयों से जगमगाते जीआईसी परिसर और दीपों से बनी पीएम मोदी व सीएम योगी की आकृति का दृश्य उन्होंने अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। 51 हजार दीपों की रोशनी से जगमगाता जीआईसी इंटर कॉलेज परिसर देर शाम आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे विशेष अवसर बताते हुए दीप प्रज्वलन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।