PC Jeweller Share Price: ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर का मुनाफा 58% और रेवेन्यू 27% बढ़ा तो शेयरों ने आज जश्न मनाया। दिग्गज निवेशक आदित्य कुमार हलवासिया की एक हफ्ते के बाद दूसरी बार बल्क खरीदारी से इसे और सपोर्ट मिला तो उछलकर यह एक साल के नए हाई पर पहुंच गया। ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली के बावजूद यह मजबूत बना हुआ है। फिलहाल बीएसई पर यह 4.70% की बढ़त के साथ ₹19.38 पर है। इंट्रा-डे में यह 8.97% चढ़कर एक साल के हाई ₹20.17 तक पहुंच गया था। पिछले वित्त वर्ष 2026 के आखिरी कारोबारी दिन 30 मार्च को यह एक साल के निचले स्तर ₹7.45 पर था।
PC Jeweller Q2 Results: खास बातें
पीसी ज्वैलर ने एक कारोबारी दिन पहले 21 अक्टूबर की शाम सितंबर तिमाही के नतीजे एक्सचेंज फाइलिंग के जरिए पेश किए। सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 58% बढ़कर ₹331.08 करोड़ और ऑपरेशंस से रेवेन्यू भी 27.78% बढ़कर ₹1054.47 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी का परफॉरमेंस दमदार रहा। सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर कंपनी का ईबीआईटीडीए 70.79% उछलकर ₹309.62 करोड़ और ईबीआईटीडीए मार्जिन भी 21.97% से 29.36% पर पहुंच गया।
किस भाव पर पीसी ज्वैलर के कितने शेयर खरीदे आदित्य ने
एनएसई पर मौजूद बल्क डील्स के आंकड़ों के मुताबिक 15 अक्टूबर 2026 को आदित्य कुमार हलवासिया ने प्रति शेयर ₹14.43 के भाव पर पीसी ज्वैलर के 5,10,00,000 शेयर हासिल किए। इसके एक हफ्ते के भीतर ही उन्होंने 21 अक्टूबर 2026 को फिर इसके 5,51,00,000 शेयर ₹18.39 के भाव पर खरीदे।
सितंबर तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में उनका नाम नहीं दिख रहा है लेकिन इसका ये मतलब नहीं है कि आदित्य के पोर्टफोलियो में पहले से इसके शेयर नहीं थे। सेबी के नियमों के मुताबिक कंपनियों को 1% या इससे अधिक की होल्डिंग वाले निवेशकों के नाम का खुलासा करना अनिवार्य है। सितंबर 2026 के आखिरी में इसमें 5 म्यूचुअल फंड्स की 0.13% तो 11 बैंकों की 3.19%, विदेशी निवेशकों की 10.57% और ₹2 लाख तक के निवेश वाले यानी खुदरा निवेशकों की 18.94% हिस्सेदारी थी।
Fusion CX IPO Listing: ढहते मार्केट में प्रीमियम एंट्री, कस्टमर केयर कंपनी के ₹289 के शेयरों का धमाल
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

