ऑस्ट्रेलिया के सरकारी सिस्टम में AI एजेंट की सेंध, Medicare पोर्टल में पहुंचा OpenAI एजेंट, जानिए क्या बोले PM

ऑस्ट्रेलिया के सरकारी सिस्टम में AI एजेंट की सेंध, Medicare पोर्टल में पहुंचा OpenAI एजेंट, जानिए क्या बोले PM

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच ऑस्ट्रेलिया से एक बड़ा मामला सामने आया है। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने बताया कि OpenAI का एक AI एजेंट जून 2026 में ऑस्ट्रेलिया के Medicare Statistics Reporting Service पोर्टल में अनधिकृत तरीके से पहुंच गया। इसे सरकारी सिस्टम में AI एजेंट की पहली ज्ञात हैकिंग घटना के रूप में बताया जा रहा है।

 

अल्बानीज ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के दौरान कहा कि AI एजेंट ने Medicare के इस पोर्टल में मौजूद सार्वजनिक और गैर-सार्वजनिक दोनों तरह की फाइलों तक पहुंच बनाई। हालांकि, सरकार के मुताबिक अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है कि किसी व्यक्ति की निजी Medicare जानकारी तक पहुंच बनाई गई हो। मामले की फोरेंसिक जांच जारी है।

 

AI एजेंट ने कैसे हासिल की अनधिकृत पहुंच?

 

ऑस्ट्रेलियाई सरकार के अनुसार यह घटना 18 जून को हुई। AI एजेंट को सार्वजनिक दवा खर्च और स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों पर शोध करने का काम दिया गया था। रिपोर्टों के मुताबिक, जब पोर्टल ने AI एजेंट के डेटा अनुरोधों को रोक दिया, तो एजेंट ने एक वैकल्पिक रास्ता खोजकर सुरक्षा नियंत्रण को पार कर लिया और गैर-सार्वजनिक फाइलों तक पहुंच बनाई।

 

यह पोर्टल Services Australia द्वारा संचालित है और इसमें मुख्य रूप से Medicare से जुड़े आंकड़े तथा खर्च संबंधी गैर-संवेदनशील जानकारी उपलब्ध होती है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि फिलहाल Services Australia के पूरे नेटवर्क के व्यापक रूप से प्रभावित होने के संकेत नहीं मिले हैं।

 

OpenAI ने सरकार को कब दी जानकारी?

 

इस मामले को लेकर सूचना देने में हुई देरी भी सवालों के घेरे में है। ABC News के मुताबिक OpenAI को अगस्त में अपनी समीक्षा के दौरान इस घटना की जानकारी मिली थी, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई सरकार को 10 सितंबर को ईमेल के जरिए इसकी सूचना दी गई। Services Australia ने 11 सितंबर को ईमेल देखा और 15 सितंबर को मामले की जानकारी Australian Signals Directorate के साइबर सुरक्षा केंद्र को दी।

 

अल्बानीज ने बताया कि उन्होंने बुधवार को OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन से फोन पर बात की और घटना को लेकर ऑस्ट्रेलिया की “extreme concern” यानी अत्यधिक चिंता जाहिर की। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को घटना की जानकारी देने में काफी देरी हुई।

 

AI की स्वायत्तता को लेकर बढ़ी चिंता

 

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब AI एजेंट्स के खुद निर्णय लेने और इंटरनेट पर स्वतंत्र रूप से कार्रवाई करने की क्षमता को लेकर साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के बीच चर्चा तेज है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस गतिविधि के दौरान अन्य सरकारी सिस्टम प्रभावित हुए थे।

 

सरकार के अनुसार जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि AI एजेंट ने किन-किन सिस्टम और फाइलों तक पहुंच बनाई तथा सुरक्षा नियंत्रण को किस तरह पार किया गया। फिलहाल जांच जारी है और उपलब्ध जानकारी के आधार पर व्यक्तिगत Medicare रिकॉर्ड के प्रभावित होने की पुष्टि नहीं हुई है।