ओमप्रकाश राजभर का दावा: यूपी के चार टुकड़े होंगे, पूर्वांचल का सीएम बनेगा राजभर समाज का बेटा

ओमप्रकाश राजभर का दावा: यूपी के चार टुकड़े होंगे, पूर्वांचल का सीएम बनेगा राजभर समाज का बेटा

omprakash rajbhar

उत्तर प्रदेश के देवरिया में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की सामाजिक समरसता रैली आयोजित की गई। इस रैली में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आगामी चुनावों से पहले एक बड़ा सियासी दांव चलते हुए उत्तर प्रदेश के भविष्य और आरक्षण के मुद्दे पर तीखे बयान दिए।

 

करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से पहुंचे सुभासपा प्रमुख राजभर ने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश चार हिस्सों में बंटेगा। उन्होंने पुरजोर दावा किया कि यदि पूर्वांचल अलग राज्य बनता है, तो वहां राजभर समाज का कोई बेटा ही मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेगा। उनके इस बयान को पूर्वांचल की राजनीति में एक नए समीकरण की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

आरक्षण और शिक्षा पर जोर

राजभर ने 27 प्रतिशत आरक्षण के भीतर हिस्सेदारी और इसके वर्गीकरण की मांग एक बार फिर उठाई। उन्होंने कहा कि 1993 से पिछड़ों को 27% आरक्षण मिल रहा है, लेकिन इसका फायदा सिर्फ कुछ चुनिंदा जातियों तक ही सीमित रह गया है। इस लाभ को समाज की हर पिछड़ी जाति तक पहुँचाने के लिए आरक्षण का बंटवारा बेहद जरूरी है।

 

उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर वे लखनऊ में पंचायत करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भी अपना पक्ष रख चुके हैं, जिसके बाद केंद्र स्तर पर ‘रोहिणी आयोग’ का गठन भी हुआ था।

 

रैली के दौरान राजभर ने गरीबों के मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजनाओं और सरकारी कल्याणकारी स्कीमों का भी जिक्र किया। उन्होंने शिक्षा की अनिवार्यता पर जोर देते हुए कहा कि जब तक गरीब और पिछड़े वर्ग के बेटा-बेटी नहीं पढ़ेंगे, तब तक समाज का वास्तविक विकास संभव नहीं है।