
Nitin Navin’s visit to Meerut : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 सितंबर को मेरठ और 22 सितंबर को सहारनपुर जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के मेरठ आगमन को लेकर पार्टी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मेरठ पहुंचेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले युवा संवाद और शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन के लिए भव्य पंडाल और मंच तैयार किए गए हैं। कार्यक्रमों को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह करीब 11 बजे सुभारती विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। उनका हेलीकॉप्टर विश्वविद्यालय परिसर में उतरेगा। मुख्यमंत्री शाम करीब चार बजे तक मेरठ में रहेंगे और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम क्षेत्र प्रभारी राम प्रताप सिंह चौहान, क्षेत्रीय महामंत्री एवं मेरठ प्रभारी अशोक मोगा, क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर और महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने सुभारती विश्वविद्यालय पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में मंच और पंडाल व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास, सुरक्षा, सेफ हाउस सहित अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएंगी।
शहीद स्मारक पर करेंगे वृक्षारोपण
कार्यक्रम की प्रस्तावित रूपरेखा के अनुसार नितिन नवीन सुभारती विश्वविद्यालय पहुंचने के बाद नेशनल आर्मी शहीद स्मारक पर वृक्षारोपण करेंगे। इसके बाद मांगल्य ऑडिटोरियम में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करेंगे।
इसके पश्चात सुभारती विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में शामिल होकर पार्टी के शक्ति केंद्र संयोजकों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद ब्रूवेरा होटल में पश्चिम क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद वे जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे और पार्टी के वरिष्ठजनों से भी चर्चा करेंगे।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
भाजपा पदाधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के मेरठ आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। युवा संवाद और शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवा, कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अंकुर राणा, प्रवीण मित्तल, क्षेत्रीय मंत्री अजय भारद्वाज, महेश बाली, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, महानगर महामंत्री विनय शर्मा पाराशर, महानगर उपाध्यक्ष वीनस शर्मा, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, सोशल मीडिया से अम्बर स्वामी, ऋषभ, श्रेय शर्मा, अंकुर कुशवाहा, अंकुर राणा, विनोद उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


